1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. ट्रेन पकड़ने गए तो मगरमच्छ मिला! कोटा के रेलवे स्टेशन पर घूमता दिखा 5 फीट लंबा क्रोकोडाइल; यात्रियों ने बनाया VIDEO

ट्रेन पकड़ने गए तो मगरमच्छ मिला! कोटा के रेलवे स्टेशन पर घूमता दिखा 5 फीट लंबा क्रोकोडाइल; यात्रियों ने बनाया VIDEO

कोटा में पिछले 2 दिनों से हो रही बारिश के चलते में जहरीले जीव जंतुओं की सक्रियता बढ़ी है। वह अपने बिलों से बाहर निकल आए हैं। अब कोटा के सोगरिया रेलवे स्टेशन पर मगरमच्छ घूमता नजर आया।

kota sogariya railway station crocodile- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कोटा के सोगरिया रेलवे स्टेशन पर घूम रहा मगरमच्छ।

राजस्थान के कोटा शहर के गली मोहल्लों, सड़कों पर वन्य जीवों की सक्रियता बढ़ गई है। शहर में हर जगह मगरमच्छ देखे जा सकते हैं, ऐसे में लोगों में बरसात के दिनों में दहशत का माहौल पैदा हो जाता है, आए दिन मगरमच्छ के निकलने से हादसों का खतरा बढ़ता जाता है। ताजा मामला सोगरिया रेलवे स्टेशन परिसर का है, जहां करीब 5 फीट लंबा मगरमच्छ देखा गया। रात के समय मगरमच्छ सड़क पर आराम से घूमता हुआ दिखाई दिया, जिसे देखकर लोग भयभीत हो गए। हालांकि उस समय ट्रेन का समय नहीं था इसलिए कोई हादसा नहीं हुआ। 

रेलवे ट्रैक पर भी आ गया था क्रोकोडाइल

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले 2-3 दिन से मगरमच्छ कभी रेल पटरियों के पास तो कभी प्लेटफॉर्म के आसपास दिखाई दे रहा है। लेकिन उसे अभी भी पकड़ा नहीं गया है, यहां आने वाले हजारों यात्रियों को मगरमच्छ-सांप और अन्य जंतुओं से खतरा बढ़ गया है।

प्लेटफॉर्म की दराजों में ही सांप-बिच्छू ने बनाया घर

सोगरिया रेलवे स्टेशन पर इन जहरीले जीवों के कारण आए दिन यात्रियों और स्टेशन स्टाफ को खतरा बना रहता है। कर्मचारियों ने बताया कि सांप और बिच्छू ने तो प्लेटफॉर्म की दराजों में ही अपना घर बना रखा है। इसी तरह मगरमच्छ भी यहां पर पिछले दो-तीन दिनों से रेल पटरियों, स्टेशन के आसपास और प्लेटफॉर्म पर टहलता नजर आ रहा है।

देखें वीडियो-

वन विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह

पिछले 2 दिनों से हो रही बारिश के चलते में जहरीले जीव देखे जा रहे हैं। यह सभी अपने बिलों से बाहर निकल आए हैं। वन विभाग ने ऐसे में बारिश के मौसम में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी वन्य जीव के दिखाई देने पर उससे दूरी बनाकर तुरंत वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी है।

बता दें कि पिछले हफ्ते ही कोटा के बॉयज हॉस्टल में 5 फीट लंबा मगरमच्छ घुस गया था। इस दौरान हॉस्टल के मेस में खाना बना रहे कुक डरकर भाग गए। इससे काफी देर तक हॉस्टल परिसर में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

10 फीट का अजगर भी निकला

वहीं दूसरी ओर कोटा शहर के आबादी वाले इलाके में हाल ही 10 फीट लंबा अजगर भी देखा गया था। अजगर सड़क किनारे खड़ी एक कार के पास छिपा था। उसका वजन करीब 30 से 40 किलो था। रात के अंधेरे में लोगों को कार के पास हलचल नजर आई। जब रोशनी डालकर देखा तो भारी-भरकम अजगर देखकर लोग डर गए। अजगर चंबल गार्डन रोड स्थित आधारशिला के सामने 17 जुलाई की रात को देखा गया। बाद में रेस्क्यू करके अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।

(रिपोर्ट- दिनेश कश्यप)

यह भी पढ़ें-

राजस्थान: कोटा की सड़क पर मॉर्निंग वॉक करने निकल पड़ा मगरमच्छ! लोगों का छूटा पसीना, देखें VIDEO

चम्मच से मगरमच्छ की आंख फोड़ दी! 54 साल की महिला ने ऐसे बचाई अपनी जान