1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में बरसेंगे मेघा, सतर्क हो जाए इन जिलों के लोग, 14-15 मार्च को आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान में बरसेंगे मेघा, सतर्क हो जाए इन जिलों के लोग, 14-15 मार्च को आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान में फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले कई दिनों से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी लेकिन अब मौसम विभाग ने बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

rajasthan weather update- India TV Hindi
Image Source : PTI (FILE PHOTO) राजस्थान के मौसम में बदलाव।

इस बार मार्च के महीने ने देश में मौसम का बिल्कुल अलग रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पश्चिमी राज्यों में जहां तेज धूप और लू जैसे हालात बनने लगे हैं, वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश हो रही है। राजस्थान में भी पिछले कुछ दिनों से लगातार तापमान में बढ़ोतरी हो रही है लेकिन अब मौसम बदलने लगा है। गुरुवार और शुक्रवार को राज्य के पश्चिमी जिलों में तापमान में मामूली कमी के साथ लोगों ने राहत की सांस ली। जयपुर, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई हिस्सों में गुरुवार रात को बारिश हुई। 

राज्य में क्यों बदला मौसम?

मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में राज्य में 2 पश्चिमी विक्षोभ की भविष्यवाणी की है। मौसम में बदलाव से राजस्थान के कुछ हिस्सों में शनिवार से आंधी चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। 

14-15 मार्च को इन जिलों में बारिश का अलर्ट

IMD के अनुसार राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है जिससे आगामी 1-2 दिन आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं और तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। वहीं, 14-15 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिले, गंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों व आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की आंधी-बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

19-21 मार्च को भी आंधी-बारिश का अनुमान

इसी तरह एक और नए पश्चिमी विक्षोभ के 19-21 मार्च के दौरान सक्रिय होने तथा कहीं-कहीं आंधी-बारिश होने का अनुमान है। शुक्रवार सुबह तक के 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा और अधिकतम तापमान कोटा में 39.8 डिग्री व बाड़मेर में 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

यह भी पढ़ें-

महाराष्ट्र में तेज हवाओं के साथ होगी बारिश, मौसम विभाग ने किसानों को किया अलर्ट; जान लें पूरी जानकारी

मौसम लेगा करवट! देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानें मौसम का हाल