1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. सड़क-पानी छोड़िए! सरपंच प्रत्याशी बोलीं-गांव के कुंवारों की शादी की गारंटी मेरी; वीडियो वायरल

सड़क-पानी छोड़िए! सरपंच प्रत्याशी बोलीं-गांव के कुंवारों की शादी की गारंटी मेरी; वीडियो वायरल

राजस्थान के झुंझुनूं ज़िले के एक गांव में सरपंच पद की उम्मीदवार अनीता सैनी अपने अनोखे वादे की वजह से चर्चा में हैं। उन्होंने कहा कि अगर वह सरपंच बनती हैं, तो गांव के कुंवारे युवाओं की शादी करवाने में मदद करेंगी।

 सरपंच पद की उम्मीदवार अनीता सैनी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER सरपंच पद की उम्मीदवार अनीता सैनी

राजस्थान में पंचायती राज चुनाव को लेकर गांवों में सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव आते ही प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए तरह-तरह के वादे करते नजर आ रहे हैं। आमतौर पर चुनाव में सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और विकास जैसे मुद्दे चर्चा में रहते हैं, लेकिन झुंझुनूं जिले के झाझड़ गांव से सरपंच पद की एक दावेदार का ऐसा अनोखा वादा सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है।

वायरल वीडियो में अपने आप को झाझड़ गांव में सरपंच पद की उम्मीदवार बता रही अनीता सैनी ने गांव के कुंवारे युवाओं की शादी करवाने की गारंटी देने का दावा किया है। उनके इस वादे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और इस अनोखे चुनावी वादे पर चुटकी भी ले रहे हैं।

दुल्हन नहीं मिली तो दूसरे गांवों में करेंगी तलाश!

सरपंच प्रत्याशी अनीता सैनी का कहना है कि यदि वह चुनाव जीतकर सरपंच बनती हैं और गांव में किसी कुंवारे युवक की शादी नहीं हो पा रही है, तो उसकी शादी करवाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी। उन्होंने अपने वादे में यहां तक कहा कि जरूरत पड़ने पर दूसरे गांवों में जाकर भी दुल्हन तलाशने का प्रयास किया जाएगा।

यही नहीं, प्रत्याशी ने बारात ले जाने के लिए ट्रेन तक लगवाने का प्रयास करने की बात कही। उनके इस बयान ने चुनावी माहौल में एक नया रंग भर दिया है। जहां दूसरी ओर प्रत्याशी विकास कार्यों के वादों के जरिए मतदाताओं को साधने में जुटे हैं, वहीं अनीता सैनी ने गांव के कुंवारे युवाओं की शादी को ही अपने चुनावी वादे का खास हिस्सा बना दिया है।

कुंवारों की चुटकी- शादी करनी है तो झाझड़ की नागरिकता लेनी पड़ेगी!

इस अनोखे वादे के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मजेदार प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं। लोग चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि अगर गांव के कुंवारे युवाओं की शादी की गारंटी मिल रही है, तो फिर शादी के इच्छुक युवाओं को झाझड़ गांव की नागरिकता ही ले लेनी चाहिए। हालांकि, यह टिप्पणी लोगों की मजाकिया प्रतिक्रिया के तौर पर सामने आ रही है, लेकिन इसने प्रत्याशी के वादे को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के कारण झाझड़ गांव का यह चुनावी वादा लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया है।

यहां देखें वीडियो

चुनाव के दौरान मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रत्याशी कई तरह के वादे करते हैं, लेकिन कुंवारे युवाओं की शादी करवाने की गारंटी देने का यह अंदाज अपने आप में अलग है। अनीता सैनी का यह बयान अब गांव की चुनावी चर्चाओं से निकलकर सोशल मीडिया तक पहुंच गया है।

रिपोर्टः अमित शर्मा

ये भी पढ़ेंः  पंचायत चुनाव से पहले गहलोत ने कहा- 'सब साथ हैं', जानें सचिन पायलट ने क्या बयान दिया