राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के प्रसिद्ध श्री सांवलिया सेठ मंदिर में श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए गए दान की भंडार गणना पूरी हो गई है। इस बार मंदिर को भंडार और भेंटकक्ष से अथाह धन राशि के साथ-साथ 133 किलो से ज्यादा चांदी और 1.38 किलो से ज्यादा सोना प्राप्त हुआ है।
6 राउंड में काउंटिंग पूरी हुई
श्री सांवलिया सेठ मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने बताया कि 11 अगस्त 2026 को शुरू हुई भंडार दानपेटी की गणना के छठे चरण के साथ आज समापन हुआ। श्रावण मास में भगवान सांवलिया सेठ के दरबार में श्रद्धालुओं की आस्था इस कदर उमड़ी कि दानराशि के साथ बड़ी मात्रा में सोना-चांदी भी प्राप्त हुआ है। इसे श्रद्धालुओं की आस्था की सोने-चांदी की बरसात के रूप में देखा जा रहा है।
Image Source : reporter inputसांवलिया सेठ मंदिर के खजाने की सार्वजनिक रूप से गिनती हुई।
सोने-चांदी समेत कुल कितना चढ़ावा आया?
- भंडार गणना और अन्य माध्यमों से प्राप्त राशि को मिलाकर मंदिर को कुल 35 करोड़ 66 लाख 64 हजार 428 रुपये की राशि प्राप्त हुई है।
- भंडार दानपेटी से कुल 27 करोड़ 89 लाख 54 हजार 347 रुपये की दानराशि प्राप्त हुई है।
- भंडार गणना में 1 किलो 38 ग्राम 300 मिलीग्राम सोना और 133 किलो 653 ग्राम चांदी प्राप्त हुई है।
- इसके अलावा मनीऑर्डर, ऑनलाइन माध्यम और भेंट के जरिए मंदिर को 7 करोड़ 77 लाख 10 हजार 81 रुपये प्राप्त हुए हैं।
श्रावण मास में श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर चढ़ाया चढ़ावा
श्रावण मास के पवित्र अवसर पर सांवलिया सेठ के दरबार में श्रद्धालुओं की ओर से दिल खोलकर किए गए दान ने एक बार फिर मंदिर की लोकप्रियता और भगवान के प्रति आस्था का प्रमाण दिया है। भंडार गणना के दौरान बड़ी मात्रा में सोना-चांदी निकलना भी श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
इससे पहले जुलाई महीने में श्री सांवलिया सेठ मंदिर में श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर चढ़ावा चढ़ाया था। एक ही माह में 38 करोड़ 23 लाख 13 हजार 862 रुपये प्राप्त हुए थे, जो अब तक आषाढ़ माह में प्राप्त होने वाली सर्वाधिक राशि है।
भंडार में चढ़ावे की गिनती के दौरान मौजूद रहे ये कर्मचारी
भंडार गणना के दौरान श्री सांवलिया जी मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव के साथ मंदिर मंडल सदस्य पवन तिवारी, मीठू लाल जाट, किशन लाल अहीर, राम लाल गुर्जर, हरिराम गाडरी, प्रशासनिक अधिकारी द्वितीय राजेंद्र सिंह , मंदिर एव संपदा अधिकारी भेरू गिरि गोस्वामी, स्टोर प्रभारी मनोहर लाल शर्मा, सहायक सुरक्षा प्रभारी बिहारी लाल गुर्जर, यशोदा विहार एव ब्रह्मभोज प्रभारी उदय नाथ, भोजनशाला प्रभारी भेरू लाल गुर्जर , सहायक केशियर जितेन्द्र त्रिपाठी आदि मंदिर के कर्मचारी एव बैंक कर्मचारी उपस्थित थे।
(रिपोर्ट- भगवान प्रजापत)
यह भी पढ़ें-
इंदौर के खजराना गणेश मंदिर की दान पेटियां खुलीं, थ्री-लेयर सुरक्षा में गिने जा रहे नोट, 4 CCTV से नजर