राजस्थान के सीकर जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जिले जीणमाता थाना क्षेत्र में एक बच्चे की पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी गई। बच्चे की उम्र 10 साल बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि 400 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद हुआ था, जिसमें मासूम की जान चली गई। आरोपी ने गुस्से में आकर बच्चे को पत्थर से कुचल कर मौत के घाट उतार दिया। मृतक का शव खंडहरनुमा धर्मशाला में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
हत्या की वजह बना 400 रुपये का विवाद
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी मृतक के बड़े भाई से 400 रुपये मांग रहा था। बड़े भाई ने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही पैसे लौटा देगा, लेकिन आरोपी को यह मंजूर नहीं था। गुस्से में आकर उसने छोटे भाई को बहाने से बुलाया और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
घटना के समय घर पर नहीं था परिवार
वारदात के समय मृतक की मां और बड़ा भाई मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे। स्थानीय लोगों ने शव देखा, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच जारी, एक आरोपी हिरासत में
पुलिस ने मृतक की मां के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मृतक बच्चे की मां निर्मला देवी ने गोलडू नामक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दी है। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
(रिपोर्ट- अमित शर्मा)
ये भी पढ़ें-
छत्तीसगढ़ कोयला घोटाला: निलंबित आईएएस अधिकारी रानू साहू सहित इन्हें मिली अंतरिम बेल, सुप्रीम कोर्ट का फैसला
जहां की चोरी वहां के लोगों से कान पकड़ कर माफी मांगते नजर आए शातिर चोर- VIDEO वायरल