1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. सीकर: लग्जरी कार में आए नकाबपोश बदमाश, SBI का ATM ही काट कर ले गए, CCTV में कैद हुई घटना

सीकर: लग्जरी कार में आए नकाबपोश बदमाश, SBI का ATM ही काट कर ले गए, CCTV में कैद हुई घटना

सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि बदमाश लग्जरी कार से आते हैं। उनके मुंह ढके हुए हैं। एटीएम पहुंचने के बाद पहले सीसीटीवी कैमरे को तोड़ते हैं। इसके बाद एटीएम मशीन लूटकर ले जाते हैं।

ATM loot CCTV- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सीसीटीवी में कैद हुए चोर

राजस्थान के सीकर में बदमाश स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम मशीन ही काटकर ले गए। सुबह जब लोग पैसे निकालने एटीएम के पास गए तो देखा की मशीन ही गायब थी। सिर्फ मशीन का ऊपरी हिस्सा वहां था। जानकारी के अनुसार इस एटीएम में लूट से पहले 32 लाख से ज्यादा पैसे रखे हुए थे। चोर कौन थे और चोरी का पैसा लेकर कहां गए हैं। इस बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने सीसीटीवी वीडियो के आधार पर बदमाशों की पड़ताल शुरू कर दी है।

घटना सीकर शहर के जयपुर रोड स्थित पूनिया वाइंस के पास हुई। यहां देर रात नकाबपोश बदमाशों ने एसबीआई की एटीएम मशीन चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि एटीएम में करीब 32 लाख रुपए से ज्यादा की नकदी भरी हुई थी।

सीसीटीवी में दिखे बदमाश

घटना शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। बदमाश एक लग्जरी कार में सवार होकर आए और कुछ ही मिनटों में पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में चार से पांच बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस, एफएसएल टीम और बैंक के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एटीएम इंचार्ज भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है और बदमाशों की पहचान व सुराग जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

संगठित गिरोह पर शक

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अजीतगढ़ और उससे पहले खाटूश्यामजी में भी इसी तरह की एटीएम चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि यह किसी संगठित गिरोह की करतूत हो सकती है।

(सीकर से अमित शर्मा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

'ऑपरेशन कालनेमि' के तहत फर्जी साधुओं पर शिकंजा, पकड़े गए आरोपियों में कई मुसलमान भी शामिल

Video: केरल में सीपीएम सांसद के जीजा की गुंडागर्दी, अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों और अटेंडर पर किया हमल