Gen Z के बाद अब देश के अलग-अलग शहरों में Gen Alpha का प्रोटेस्ट दिख रहा है। अलग-अलग शहरों में Gen Alpha की मांगें भी अलग-अलग है लेकिन मकसद एक है- स्कूलों में बेहतर सुविधाएं मिले। Gen Alpha के गुस्से की लेटेस्ट तस्वीर राजस्थान के सिरोही से आई है जहां सरकारी आदिवासी गर्ल्स हॉस्टल में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी और घटिया खाने को लेकर छात्राओं के सब्र का बांध टूट गया। हॉस्टल की 50 छात्राएं अपनी समस्याओं की सुनवाई न होने पर पैदल ही कलेक्ट्रेट पहुंच गई।
शिकायत करने पर बदतमीजी करती हैं वार्डन
छात्राओं का कहना है कि वे काफी समय से हॉस्टल में मिल रहे खाना और बदहाल सफाई व्यवस्था से परेशान हैं। बार-बार हॉस्टल प्रशासन से शिकायत की गई लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल में उन्हें जो खाना दिया जा रहा है, उसमें लगातार कीड़े निकल रहे हैं। छात्राओं का आरोप है कि जब वो हॉस्टल वार्डन से खराब खाने की शिकायत करती हैं तो वार्डन उनके साथ बदतमीजी करती हैं। उन्हें सामाजिक रूप से नीचा दिखाने की कोशिश की जाती है।
कलेक्टर ने क्या एक्शन लिया?
मामले की जानकारी मिलते ही सिरोही के जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने छात्राओं को अपने ऑफिस में बुलाया और एक घंटे तक छात्राओं की हर एक बात को गौर से सुना। हालात की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तुरंत एक्शन भी लिया।
- कलेक्टर ने SDM, तहसीलदार और शिक्षा विभाग के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक को तलब किया।
- और एक संयुक्त जांच समिति गठित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए।
- साथ ही छात्राओं को जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।
मामले में जांच के आदेश
इसके साथ ही जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर पूरे सिरोही जिले के सभी हॉस्टल की जांच के भी आदेश दिए हैं। कलेक्टर ने हॉस्टल के मेस की स्थिति, पेयजल, साफ-सफाई और वार्डन के व्यवहार से जुड़े सभी डाटा तैयार करने का आदेश दिया है। कलेक्टर ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सेहत और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। छात्राओं की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए कलेक्टर ने उन्हें चार सरकारी गाड़ियों से हॉस्टल भिजवाया। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं। वहीं, छात्राओं को उम्मीद है कि उन्हें अब अच्छा खाना मिलेगा।
वहीं बता दें कि इस बीच यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने Gen Z और Gen Alpha पीढ़ी के लिए बड़ी घोषणा की है।
(रिपोर्ट- विक्रमसिंह करणोत)
यह भी पढ़ें-
यूपी में गो संरक्षण अभियान से जुड़ेंगे Gen Z, तैयार किए जाएंगे 10 हजार गो मित्र
बिहार में अब Gen Z की हर समस्या का तुरंत होगा समाधान, CM सम्राट चौधरी का ऐलान; खुद भी करेंगे मॉनिटरिंग