जयपुर: राजस्थान के नागौर जिले में एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। यहां से गुजर रही जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से अचानक धुआं उठने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अचानक ट्रेन के इंजन से धुआं उठने लगा। वहीं यात्रियों ने जब ट्रेन के इंजन से धुआं उठता देखा, तो वह काफी भयभीत हो गए। ट्रेन में मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि किसी तरह से ट्रेन को रोका गया और इंजन को बदलकर ट्रेन को दोबारा रवाना किया गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बता दें कि यह ट्रेन जयपुर और जोधपुर के बीच चलती है।
इंजन से उठने लगा धुआं
दरअसल, शनिवार को जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन ने अचानक धुआं उठने लगा। ट्रेन के इंजन से धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई यात्री काफी परेशान हो गए। हालांकि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। ये हादसा नागौर जिले के गोटन रेलवे स्टेशन के पास तब हुआ, जब ट्रेन जयपुर से जोधपुर जा रही थी। घटना के बारे में उत्तर-पश्चिम रेलवे के पीआरओ कैप्टन शशि किरण ने जानकारी दी।
बदला गया ट्रेन का इंजन
पीआरओ ने बताया, ‘‘ट्रेन के इंजन के कुछ हिस्सों के अधिक गर्म हो जाने के कारण इंजन से धुआं निकलने लगा। ट्रेन को गोटन स्टेशन के पास करीब एक घंटे तक रोका गया।’’ उन्होंने आगे जानकारी देते हुए कहा, ‘‘इंजन बदला गया और ट्रेन जोधपुर के लिए रवाना हुई।’’ बता दें कि जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन सुबह छह बजे जयपुर से रवाना होती है और 11 बजकर 10 मिनट पर जोधपुर पहुंचती है।
बेगूसराय में भी हादसा
इससे पहले हाल ही में एक ऐसा ही मामला बिहार के बेगूसराय जिले से भी सामने आया था। यहां के तिलरथ स्टेशन के पास एक ट्रेन में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में ट्रेन के ड्राइवर ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं ट्रेन रुकते ही ट्रेन में सवार लोग उतर कर इधर-उधर भागने लगे। ट्रेन तिलरथ से जमालपुर जा रही थी। (पीटीआई इनपुट्स के साथ)
यह भी पढ़ें-
पैर की मोच का इलाज कराने गया शख्स, एक चूक से हुई मौत; जानें पूरा मामला
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैग मिलने से मचा हड़कंप, डॉग स्क्वाड की टीम मौजूद