1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. पत्तों की तरह उड़ी टोल प्लाजा की छत, राजस्थान में तेज अंधड़ ने मचाई तबाही; घटना CCTV में कैद

पत्तों की तरह उड़ी टोल प्लाजा की छत, राजस्थान में तेज अंधड़ ने मचाई तबाही; घटना CCTV में कैद

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में बुधवार को तेज उमस और गर्मी के बाद शाम ढलते-ढलते अचानक मौसम में बदलाव हुआ। तेज अंधड़ के साथ हुई मूसलाधार बारिश के कारण ब्यावर-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा की छत ही उड़ गई।

bhilwara toll plaza- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV टोल प्लाजा के ऊपर से टीन चद्दर उड़ गए।

नौतपा में गर्मी का कहर जारी है। दिन भर उमस व तेज गर्मी के कारण आम जन जीवन प्रभावित नजर आ रहा है। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में बुधवार को तेज उमस और गर्मी के बाद शाम ढलते-ढलते अचानक मौसम में बदलाव हुआ। भीलवाड़ा जिले के आसींद क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ मूसलाधार बारिश हुई जिसके कारण ब्यावर-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे पर जिवलिया गांव के निकट टोल प्लाजा के ऊपर टीन चद्दर उड़ गए।

आधा दर्जन वाहनों के कांच फूटे

बुधवार शाम में भीलवाड़ा जिले के आसींद, माण्डल सहित भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर जमकर बारिश हुई। माण्डल और आसींद क्षेत्र में बारिश के साथ तेज हवा होने के कारण ब्यावर भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जिवलिया गांव के निकट स्थित टोल टैक्स के टीन चद्दर उड़ गए। अचानक चद्दर उड़ने से वहां खड़े व्यक्ति सहम गए। हवा तेज होने के कारण हाइवे से दूर जाकर चद्दर गिरे जिससे कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन लगभग आधा दर्जन वाहनों में कुछ जगह कांच फूटने की घटना जरूर सामने आई।

देखें वीडियो-

इस दौरान राजस्थान के बाकी हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में भीषण गर्मी का दौर अभी जारी रहेगा हालांकि कुछ भागों में आंधी, बादलों की गरज जैसी गतिविधियां भी हो सकती हैं। 

शास्त्रों के अनुसार चल रहा नौतपा 

शास्त्रों के अनुसार गर्मी की ऋतु में नौतपा चलता है। इस नौतपा में गर्मी और उमस का असर बरकरार रहता है जिसके कारण भीलवाड़ा जिले का तापमान दिन में 42 से 43 डिग्री तक पहुंच रहा है लेकिन शाम ढलते-ढलते आज मौसम में परिवर्तन हुआ जिसके कारण आम जन जीवन को गर्मी से राहत मिली है।

(रिपोर्ट- सोमदत्त त्रिपाठी)