राजस्थान के उदयपुर संभाग के आदिवासी अंचल सलूंबर जिले में भाजपा के जिला अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सनसनी फैल गई। दरअसल, पंचायती राज चुनाव में जिला अध्यक्ष की ओर से टिकट के लिए पैरवी नहीं की गई तो गुस्साए कार्यकर्ता ने जिला अध्यक्ष को फोन कर पहले गाली गलौज की और उसके बाद जान से मारने की धमकी दे दी। इस धमकी के बाद जिला अध्यक्ष ने जिला पुलिस अधीक्षक को रिकॉर्डिंग उपलब्ध करवा कर घटना के बारे में जानकारी दी।
पूर्व उपसरपंच ने किया फोन
सलूंबर जिले के भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि ग्राम पंचायत सल्लाड़ा के पूर्व उपसरपंच ने उन्हें फोन किया और उनसे फोन पर बातचीत की। जिला अध्यक्ष ने कहा कि जब उनके पास डी एस सिंह का फोन आया तब वह भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने के लिए जयपुर जा रहे थे। फोन करने के बाद सिंह ने अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि टिकट के लिए पैरवी क्यों नहीं की, उसके बाद फोन पर गाली गलौज शुरू कर दी और बातचीत के दौरान जान से मारने की धमकी दे दी।
15 मिनट में आरोपी गिरफ्तार
भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने इसकी सूचना जिला पुलिस अधीक्षक बिशनाराम विश्नोई को जानकारी दी और रिकॉर्डिंग उपलब्ध करवाई, इसके बाद एसपी के निर्देश पर आरोपी डीएस सिंह 15 मिनट में गिरफ्तार कर लिया गया।
पार्टी में टिकट वितरण को लेकर हुआ था विवाद
भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि डी एस सिंह ने अपने समरथ को के लिए वार्ड 2 और वार्ड 12 के लिए टिकट की मांग की थी। टिकट मिलने की उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं होने पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पहले गाली गलौज की उसके बाद सीधे ही जान से मारने की धमकी दे दी। जिला अध्यक्ष ने एसपी को बताया कि धमकी देने वाला हिस्ट्रीशीटर है, साथ ही जिला अध्यक्ष ने एसपी को बातचीत की रिकॉर्डिंग भेज दी इस आधार पर पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
(रिपोर्ट- भगवान प्रजापत)
यह भी पढ़ें-
BJP प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- '...तो पाकिस्तान को सपोर्ट करेंगे', बाद में कहा- क्रिकेट की बात कर रहा था
रितु बराला मामले में दिल्ली पुलिस के खिलाफ FIR की मांग पर अड़ी कांग्रेस, नेताओं ने पुलिस कमिश्नरेट में गुजारी रात