1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. शादी के घर में पसरा मातम, गहने लेकर जा रहे BSF जवान को बस ने कुचला; CCTV फुटेज आया सामने

शादी के घर में पसरा मातम, गहने लेकर जा रहे BSF जवान को बस ने कुचला; CCTV फुटेज आया सामने

झुंझुनूं के पोसाना टोल बूथ पर बीएसएफ के एक जवान की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। घर में छोटे बेटे की शादी की तैयारी चल रही थी, उससे पहले ये भयावह हादसा हो गया।

बस की चपेट में आने से बीएसएफ जवान की मौत- India TV Hindi
Image Source : REPORTER बस की चपेट में आने से बीएसएफ जवान की मौत

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पोसाना टोल बूथ पर रविवार एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) मनोज भार्गव, निवासी-भोड़की की रोडवेज बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि जिस घर में चार दिन बाद छोटे बेटे विजय की शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अचानक मातम छा गया।

टोल बूथ पर हुआ हादसा, CCTV में कैद

जानकारी के अनुसार, 30 नवंबर की दोपहर 3.0 बजे मनोज भार्गव अपने बेटे की शादी के लिए गहने लेने जा रहे थे। इसी दौरान पोसाना टोल बूथ पर दौड़ते हुए रोडवेज बस में चढ़ने का प्रयास करते समय वे संतुलन खो बैठे और बस के नीचे आ गए। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे के पल साफ दिखाई दे रहे हैं। मनोज भार्गव के बेटे सुनील भार्गव ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

शादी से पहले घर में मचा कोहराम

मनोज भार्गव बीएसएफ में एएसआई पद पर कार्यरत थे और ड्यूटी से छुट्टी लेकर परिवार के साथ शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। उनकी अचानक मौत की खबर मिलते ही भोड़की गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की शहनाई बजने से पहले ही घर में कोहराम मच गया।

तिरंगा यात्रा के साथ अंतिम विदाई

वहीं सोमवार को उनकी पार्थिव देह को तिरंगा यात्रा के जरिए गांव लाया जा रहा है। गांववासी, रिश्तेदार और परिचित बड़ी संख्या में अंतिम दर्शन के लिए जुट रहे हैं।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

मुंबई की लोकल ट्रेनों में AI से फर्जी टिकट बनाकर यात्रा करने वालों की खैर नहीं, हो सकती है 5 साल की जेल

संसद में कौन-कौन से बिल पेश करने वाली है सरकार? आखिर क्यों हंगामे पर उतारू है विपक्ष