A
Hindi News राजस्थान रात के अंधेरे में सड़कों पर क्यों निकलीं सनम बाई? जानिए इस अनोखी पहल की वजह

रात के अंधेरे में सड़कों पर क्यों निकलीं सनम बाई? जानिए इस अनोखी पहल की वजह

अक्सर रात में सड़कों पर अचानक पशुओं के आ जाने से गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो जाती हैं। इन दुर्घटनाओं में कई बार पशुओं को चोट पहुंचती है या उनकी जान भी चली जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए किन्नर सनम बाई ने एक नई पहल की है।

kinnar sanam bai- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT किन्नर सनम बाई सामाजिक कार्यों में हमेशा सक्रिय रहती हैं।

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक अनोखी और सराहनीय पहल सामने आई है, जहां किन्नर सनम बाई ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। देर रात सड़कों पर निकलकर वे नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर घूमने वाले गोवंश के गले में रिफ्लेक्टर पट्टे बांध रही हैं। 

दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सनम बाई की पहल

दरअसल, रात के समय सड़कों पर बैठे या घूमते पशु वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते, जिसके चलते आए दिन हादसे होते रहते हैं। कई बार इन हादसों में पशुओं के साथ-साथ इंसानों की भी जान चली जाती है। इसी गंभीर समस्या को देखते हुए सनम बाई ने खुद आगे आकर समाधान की पहल की।

सिंघाना क्षेत्र में उन्होंने हाईवे और मुख्य सड़कों पर घूम रहे गोवंश के गले में रिफ्लेक्टर पट्टे बांधे, ताकि रात के अंधेरे में दूर से ही वाहन चालकों को पशु दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं से बचा जा सके। सनम बाई की इस अनोखी पहल का वीडियो भी सामने आया है।

समाज के लिए एक प्रेरणादायक कदम

बताया जा रहा है कि यह कोई पहली बार नहीं है। इससे पहले भी सनम बाई जिले के कई शहरों में इसी तरह का अभियान चला चुकी हैं। वे सामाजिक कार्यों में हमेशा सक्रिय रहती हैं और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे रहती हैं। स्थानीय लोगों ने उनकी इस पहल की जमकर सराहना की है और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक कदम बताया है।

देखें वीडियो-

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)