1. Hindi News
  2. राशिफल
  3. बुध की वक्री चाल बदलेगी सभी 12 राशियों का हाल, जानें किसे मिलेगा लाभ और किन्हें बरतनी होगी सावधानी

बुध की वक्री चाल बदलेगी सभी 12 राशियों का हाल, जानें किसे मिलेगा लाभ और किन्हें बरतनी होगी सावधानी

बुध की वक्री चाल शुरू होने जा रही है। इस दौरान कुछ राशियों को धन लाभ और करियर में तरक्की के योग हैं, जबकि कुछ को रिश्तों, सेहत और कामकाज में सावधानी रखना होगा। जानिए सभी 12 राशियों पर वक्री बुध का प्रभाव पड़ेगा और किन उपायों से शुभ फल मिल सकते हैं।

budh vakri 2026, Mercury Retrograde 2026- India TV Hindi
Image Source : PINTEREST वक्री बुध का राशियों पर प्रभाव और उपाय

24 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 42 मिनट पर बुध तुला राशि में वक्री हो रहे हैं। वक्री यानी उल्टी गति से गोचर करते हुए बुध 13 नवंबर की रात 9 बजकर 23 मिनट तक इसी स्थिति में रहेंगे। बुध बुद्धि और वाणी के देवता हैं। कुंडली में बुध का सीधा प्रभाव कारोबार और दिमागी मेहनत वाले कामों पर पड़ता है, जबकि शरीर में इसका प्रभाव मुख्य रूप से गले और कंधों पर रहता है। तो आइए जानते हैं कि 13 नवंबर तक वक्री बुध का सभी 12 राशियों पर क्या प्रभाव होगा और शुभ फल प्राप्त करने के लिए कौन से उपाय करने चाहिए।

मेष राशि

मेष राशि वालों वक्री बुध आपके सातवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के सातवें स्थान का संबंध जीवनसाथी से होता है। इस गोचर के प्रभाव से जीवनसाथी के साथ नोक-झोंक होने की आशंका है। आपको अपने रिश्ते को संभालकर रखने और जीवनसाथी का ख्याल रखने की जरूरत है। अशुभ प्रभावों से बचने के लिए मिट्टी के बर्तन में पानी में भिगोए हुए हरे मूंग मंदिर में दान करें।

वृषभ राशि

वृषभ राशि वालों वक्री बुध आपके छठे स्थान पर गोचर करेंगे। इस स्थान का संबंध मित्रों, शत्रुओं और स्वास्थ्य से है। इस दौरान आपको दोस्तों का साथ मिलेगा और दुश्मनों से छुटकारा मिल सकता है। आप खुले दिल से काम करेंगे। प्रिंटिंग, प्रेस और कागज-कलम से जुड़े लोगों को अच्छा फायदा मिल सकता है। समुद्री यात्राओं के भी शुभ फल मिलेंगे। शुभ फल सुनिश्चित करने के लिए कोई भी शुभ कार्य शुरू करने से पहले किसी कन्या का आशीर्वाद लें और हो सके तो उन्हें उपहार दें।

मिथुन राशि

मिथुन राशि वालों वक्री बुध आपके पांचवें स्थान पर गोचर करेंगे। इस स्थान का संबंध संतान, बुद्धि, विवेक और रोमांस से है। इस दौरान आपका मन पढ़ाई-लिखाई में लगेगा और विद्या का लाभ मिलेगा। गुरु से भी उचित सहयोग प्राप्त होगा। लवमेट के साथ रिश्तों में मधुरता आएगी। शुभ फल बनाए रखने के लिए 13 नवंबर तक गाय की सेवा करें।

कर्क राशि

कर्क राशि वालों वक्री बुध आपके चौथे स्थान पर गोचर करेंगे। इसका संबंध भवन, भूमि, वाहन और माता से है। इस दौरान जमीन, मकान और वाहन का लाभ पाने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है। हालांकि, आपको अपनी मेहनत का उचित फल मिलेगा और माता का पूरा सहयोग प्राप्त होगा। अपने कामों में धैर्य बनाए रखें। अशुभ प्रभावों से बचने के लिए माथे पर केसर का तिलक लगाएं।

सिंह राशि

सिंह राशि वालों वक्री बुध आपके तीसरे स्थान पर गोचर करेंगे। इस स्थान का संबंध पराक्रम, भाई-बहन और यश से है। इस दौरान भाई-बहनों के साथ रिश्ते बेहतर होंगे और उनके सहयोग से आपके काम बनेंगे। 13 नवंबर तक आर्थिक स्थिति भी ठीक रहेगी। आप अपनी बातों से दूसरों को प्रभावित करने में सफल होंगे। शुभ फल प्राप्त करने के लिए 13 नवंबर तक सुबह उठकर फिटकरी से दांत साफ करें।

कन्या राशि

कन्या राशि वालों वक्री बुध आपके दूसरे स्थान पर गोचर करेंगे। इसका संबंध धन और स्वभाव से है। इस दौरान आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी और अचानक धन लाभ हो सकता है। करियर में भी बेहतरी के योग हैं। 13 नवंबर तक आपको नई चीजें जानने और समझने का मौका मिलेगा। आपकी बौद्धिक क्षमता भी अच्छी रहेगी। शुभ फल सुनिश्चित करने के लिए अपने पास चांदी की कोई चीज रखें।

तुला राशि

तुला राशि वालों वक्री बुध आपके पहले यानी लग्न स्थान पर गोचर करेंगे। लग्न स्थान का संबंध शरीर और मुख से है। 13 नवंबर तक समाज में आपका मान-सम्मान और पद-प्रतिष्ठा इस बात पर निर्भर करेगी कि आप किस तरह के कामों में सहयोग देते हैं। आपकी पत्रिका में राजा के समान सुख की प्राप्ति के योग हैं, लेकिन इस दौरान आपको अपनी जीभ के स्वाद पर नियंत्रण रखना चाहिए। शुभ फल प्राप्त करने और अशुभ प्रभावों से बचने के लिए हरे रंग की चीजें मंदिर में दान करें।

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि वालों वक्री बुध आपके बारहवें स्थान पर गोचर करेंगे। इसका संबंध व्यय और शय्या सुख से है। इस दौरान शय्या सुख पाने के लिए कोशिश करनी पड़ सकती है। आपको अपनी आमदनी भी संभलकर खर्च करनी चाहिए। आजीविका में कुछ उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। अशुभ प्रभावों से बचने के लिए 13 नवंबर तक गले में पीले रंग का धागा पहनें।

धनु राशि

धनु राशि वालों वक्री बुध आपके ग्यारहवें स्थान पर गोचर करेंगे। इस स्थान का संबंध आय और इच्छाओं की पूर्ति से है। इस दौरान अचानक धन लाभ का मौका मिल सकता है और आमदनी में बढ़ोतरी होगी। आपको सुख-साधनों की प्राप्ति हो सकती है। साथ ही आपकी कोई इच्छा जल्द पूरी होने की संभावना है। शुभ फल बनाए रखने के लिए 13 नवंबर तक गले में तांबे का पैसा धारण करें।

मकर राशि

मकर राशि वालों वक्री बुध आपके दसवें स्थान पर गोचर करेंगे। इस स्थान का संबंध करियर, राज्य और पिता से होता है। इस गोचर के दौरान करियर में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं। आपके पिता के करियर की गति भी कुछ धीमी पड़ सकती है। 13 नवंबर तक अपनी और अपने पिता की सेहत का ध्यान रखें। अशुभ प्रभावों से बचने के लिए मां दुर्गा की उपासना करें।

कुम्भ राशि

कुम्भ राशि वालों वक्री बुध आपके नौवें स्थान पर गोचर करेंगे। इस स्थान का संबंध भाग्य से होता है। इस दौरान आपको भाग्य का साथ मिलेगा और मेहनत का पूरा फल प्राप्त होगा। आपकी आर्थिक स्थिति भी ठीक बनी रहेगी। शुभ फल बनाए रखने के लिए 13 नवंबर तक हरे रंग की चीजों का उपयोग करने से बचें।

मीन राशि

मीन राशि वालों वक्री बुध आपके आठवें स्थान पर गोचर करेंगे। इस स्थान का संबंध आयु से है। इस दौरान आप शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहेंगे। अपने काम अच्छी तरह कर पाएंगे और नए विषयों पर बेहतर तरीके से विचार कर सकेंगे। मेहनत का अच्छा परिणाम भी जल्द मिलने की उम्मीद है। शुभ फल सुनिश्चित करने के लिए बुधवार के दिन मिट्टी के बर्तन में थोड़ा-सा शहद डालकर घर से दूर किसी वीरान जगह पर दबा दें।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें: Diwali 2026 Date: 8 या 9 नवंबर, कब मनाई जाएगी दिवाली? नोट करें लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त और पूजन विधि              

More Rashifal News