1 January 2026 Ko Kya Kare: नव वर्ष आपके लिए मंगलमय हो ईश्वर से यही हमारी कामना है और इस नए साल को बेहतर बनाने के लिए आप कुछ विशेष उपाय भी जरूर करें। ऐसा कहा जाता है कि नव वर्ष की शुरुआत जितनी शुभ होगी उतना ही पूरा साल बढ़िया गुजरेगा। इसलिए अधिकतर लोग नए साल के पहले दिन मंदिर दर्शन के लिए जरूर जाते हैं और ईश्वर की विधि विधान पूजा करते हैं। चलिए आपको बताते हैं साल की शुरुआत में यानी 1 जनवरी 2026 को आपको क्या-क्या करना चाहिए।
सूर्य देव को चढ़ाएं जल
सूर्य देव को जल अर्पित करने की बड़ी महिमा बताई गई है। अगर आप सूर्य को जल नहीं चढ़ाते हैं तो नए साल के पहले दिन से ये काम करना शुरू कर दें। कहते हैं सूर्य को जल चढ़ाने से भाग्य मजबूत होता है और कार्यों में सफलता मिलती है। सूर्य देव को जल चढ़ाने के लिए सुबह जल्दी उठ जाएं और स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें। इसके बाद तांबे के पात्र से जल चढ़ाएं। साथ में सूर्य भगवान के मंत्र का जाप भी जरूर करें। अगर आप नियमित रूप से ये काम करते हैं तो आपके जीवन में सकारात्मक बदलाव होने लगेंगे।
गणेश जी की करें अराधना
हिंदू धर्म में हर शुभ काम को करने से पहले गणेश जी को याद जरूर किया जाता है इसलिए नए साल की शुरुआत भी गणेश जी की अराधना के साथ करें। सुबह सूर्य देव को जल चढ़ाने के बाद गणेश जी की विधि विधान पूजा करें। पूजा के समय 'श्री गणेशाय नम:' मंत्र का जप भी जरूर करें। इससे आपके लिए नया साल शुभ और मंगलदायी साबित होगा।
मां लक्ष्मी को करें प्रसन्न
यदि आप चाहते हैं कि पूरे साल आपके घर में धन-धान्य का भंडार भरा रहे तो नए साल के पहले दिन मां लक्ष्मी के मंत्रों का जाप जरूर करें। साथ ही ये भी संकल्प लें कि आप अपने घर को एकदम साफ रखेंगे। कहते हैं मां लक्ष्मी उसी घर में वास करती हैं जहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है।
तुलसी माता की करें पूजा
सनातन धर्म में तुलसी पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। कहते हैं नियमित रूप से तुलसी पूजन करने से जीवन में सदैव सुख-समृद्धि बनी रहती है इसलिए नए साल के पहले दिन तुलसी माता का पूजन जरूर करें। साथ ही नियमित रूप से तुलसी के समक्ष दीपक जलाने का संकल्प लें। अगर आप ऐसा करते हैं तो पूरे साल आपके जीवन में खुशहाली बनी रहेगी।
जरूरतमंदों को करें दान
नए साल के पहले दिन जरूरतमंदों को दान भी जरूर करें। कहते हैं दान करने से ईश्वर की विशेष कृपा प्राप्त होती है। साल की शुरुआत गुरुवार से हो रही है ऐसे में इस दिन आप पीली वस्तुओं जैसे चना दाल, हल्दी, केले, पीला कपड़ा या घी का दान कर सकते हैं।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें:
Happy New Year 2026 Spiritual Messages, Wishes: नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देने के लिए अपनों को भेजें ये धार्मिक और भक्तिमय संदेश
Unlucky Zodiac Sign 2026: नये साल में ये 3 राशियां रहें अलर्ट, हो सकता है भारी नुकसान, हेल्थ भी करेगी परेशान