1. Hindi News
  2. धर्म
  3. महादेव को अतिप्रिय हैं ये 3 शक्तिशाली शिव मंत्र, सावन में रोज जाप करने से चमक सकती है किस्मत!

महादेव को अतिप्रिय हैं ये 3 शक्तिशाली शिव मंत्र, सावन में रोज जाप करने से चमक सकती है किस्मत!

सावन में भगवान शिव के कुछ विशेष मंत्रों का जाप बेहद प्रभावशाली माना जाता है। मान्यता है कि इन मंत्रों के नियमित जाप से भय दूर होता है, आत्मबल बढ़ता है और मन को शांति मिलती है। जानिए महादेव को प्रिय माने जाने वाले 3 शक्तिशाली शिव मंत्र।

Shiv Mantra- India TV Hindi
Image Source : PINTEREST शिव मंत्रों के जाप से दूर होंगी हर परेशानियां

सावन माह शिव आराधना के लिए बेहद खास माना जाता है। इस पवित्र महीने में भक्त महादेव को प्रसन्न करने के लिए व्रत, पूजा और मंत्र जाप करते हैं। मान्यता है कि सावन में शिव मंत्रों के जाप से मन को शांति मिलती है और जीवन में पॉजिटिविटी आती है। जानिए महादेव को अतिप्रिय माने गए उन शिव मंत्रों के बारे में, जिनका सावन में जाप शुभ माना जाता है। साथ ही इन मंत्रों के जाप से मिलने वाले लाभ और सही विधि भी जानिए। 

महामृत्युंजय मंत्र

ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्।
उर्वारुकमिव बन्धनान् मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥

  • फायदा: इस मंत्र के जाप से मृत्यु भय से रक्षा होती है और जीवन शक्ति बढ़ने की मान्यता है।
  • जप का समय: प्रातः 4 से 6 बजे ब्रह्म मुहूर्त या रात के समय एकांत में इसका जाप किया जा सकता है।
  • विधि: रुद्राक्ष की माला से 108 बार मंत्र का जाप करें। सफेद वस्त्र पहनकर पूर्व दिशा की ओर मुख करके शांत मन से ध्यान करें।

रुद्र गायत्री मंत्र

ॐ तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि।
तन्नो रुद्रः प्रचोदयात्॥

  • फायदा: इस मंत्र के जाप से बुद्धि, आत्मबल और साहस में वृद्धि होने की मान्यता है।
  • जप का समय: प्रातःकाल सूर्योदय से पहले या सूर्योदय के समय जाप करना शुभ माना जाता है।
  • विधि: स्वच्छ और शांत स्थान पर बैठकर रुद्राक्ष की माला से मंत्र का जाप करें। कम से कम 21 बार इसका जाप करें।

शिव ध्यान मंत्र

ॐ शांताय नमः या ॐ शिवाय नमः

  • फायदा: इस मंत्र के जाप से मन को शांति मिलती है और ध्यान केंद्रित करने में सहायता मिलती है।
  • जप का समय: रात को सोने से पहले एकांत में इसका जाप कर सकते हैं।
  • विधि: आंखें बंद करके शांत मन से मंत्र का जाप करें। दीपक जलाकर धीमी आवाज में मंत्र बोलें। संभव हो तो मानसिक रूप से भी जाप करें।

इन बातों का रखें ध्यान

  • मंत्र जाप करने से पहले स्नान करना जरूरी माना जाता है। शिवजी को प्रसन्न करने के लिए बेलपत्र, दूध, दही, शहद, घी और गंगाजल से अभिषेक किया जा सकता है। मंत्र जाप में श्रद्धा और विश्वास का विशेष महत्व बताया गया है।
  • जाप की संख्या धीरे-धीरे बढ़ानी चाहिए। जैसे शुरुआत 11 बार जाप से करें, इसके बाद 21 और फिर 108 बार तक जाप कर सकते हैं।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें: सावन के महीने में घर के मुख्य द्वार पर जरूर करें ये 1 काम, दूर होगी हर नकारात्मक ऊर्जा!