A
  1. Hindi News
  2. धर्म
  3. 365 Batti Diya On Kartik Purnima 2025: कार्तिक पूर्णिमा पर 365 बाती का दीया कैसे जलाएं और इसे जलाने का सही समय क्या है

365 Batti Diya On Kartik Purnima 2025: कार्तिक पूर्णिमा पर 365 बाती का दीया कैसे जलाएं और इसे जलाने का सही समय क्या है

365 Batti Diya On Kartik Purnima 2025: कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली पर्व भी मनाया जाता है जिसे देवों की दिवाली कहा जाता है। इस दिन दीपक जलाने का विशेष महत्व माना जाता है। खासतौर से इस दिन लोग 365 बाती का दीपक जलाते हैं।

kartik purnima- India TV Hindi
Image Source : CANVA कार्तिक पूर्णिमा पर 365 बाती का दीपक कैसे जलाया जाता है?

365 Batti Diya On Kartik Purnima 2025: कार्तिक पूर्णिमा और देव दिवाली पर स्नान-दान के अलावा 365 बाती का दीपक जलाने का भी विशेष महत्व माना जाता है। कहते हैं इस दिन इस दीपक को जलाने से साल भर की पूजा का फल एक साथ प्राप्त हो जाता है। अगर साल के कुछ दिन आप किसी कारण से भगवान की पूजा नहीं कर पाए हैं तो इस दीपक को जलाने से आप उस छूटी हुई पूजा का भी पुण्य प्राप्त कर सकते हैं। अब सवाल ये उठता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर 365 बाती का दीपक कैसे जलाएं और इसके जलाने का समय क्या रहेगा? यहां हम आपको इसी बारे में बताएंगे।

365 बाती का दीपक जलाने का समय 2025 (365 Batti Ka Diya Kab Jalaye On Kartik Purnima 2025)

कार्तिक पूर्णिमा पर 365 बाती का दीया जलाने का शुभ मुहूर्त शाम 5.30 से 7.30 तक रहेगा। दीपक जलाने से पहले भगवान की विधि विधान पूजा करें। फिर इस दीपक को पूर्व दिशा की तरफ जलाएं।

365 बाती का दीया कैसे बनाएं (365 Batti Ka Diya Kaise Banaye)

365 बाती का दीया बनाने के लिए एक बड़ा मिट्टी का दीपक लें। उसमें सरसों का तेल या घी भरें। अब कपास (रुई) की 365 बत्तियां बनाएं जो छोटी और समान आकार की होनी चाहिए। आप चाहें तो सूत या कलावे की बातियां भी बना सकते हैं। अगर आप 5 धागे वाले कलावे या सूत को लेते हैं तो उसे अपने हाथ पर 73 बार लपेटें और बचे हुए धागे को काट दें। इस तरह से आपकी 365 बाती तैयार हो जाएंगी। फिर सभी बातियों को दीपक में डालकर जला दें। कई लोग गोले में 365 बातियां जलाते हैं।

कार्तिक पूर्णिमा पर 365 बाती का दीया कैसे जलाएं? (Kartik Purnima Par 365 Batti Ka Diya Kaise Jalaye)

इस दीपक को ज्यादातर लोग सूखे नारियल में जलाते हैं। इसके लिए एक नारियल यानी गोला लेना है और उसके दो हिस्से कर लेने हैं। नारियल के एक हिस्से में घी या तेल भरें और उसमें 365 बाती डालें। ये दीपक आप तुलसी के पौधे पर, घर के मंदिर में या पीपल के पेड़ के पास कहीं भी जला सकते हैं। दीपक के नीचे चावल के कुछ दाने जरूर डालें। साथ ही दीये पर हल्दी-रोली का तिलक जरूर लगाएं और उसमें खील भी डालें। इसके बाद दीपक के ऊपर से तीन बार जल घुमाया जाता है। इस विधि से 365 बाती का दीपक जलाकर आप भगवान की असीम कृपा प्राप्त कर सकते हैं। मान्यता है कि 365 बाती का दीया पूरे वर्ष सुख, समृद्धि और शुभ फल प्रदान करता है।

365 बाती का दीपक कहां जलाएं (365 Batti Ka Diya Kha Jalaye)

इस दीपक को अमूमन लोग तुलसी के पौधे के समक्ष जलाते हैं। पहले तुलसी की पूजा की जाती है। फिर ये दीपक जलाकर तुलसी के पौधे की 108 बार परिक्रमा की जाती है। तुलसी के अलावा पीपल, केले या आंवले के पेड़ के नीचे भी इस दीपक को जला सकते हैं।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

यह भी पढ़ें:

Kartik Purnima Par Kitne Diye Jalaye 2025: कार्तिक पूर्णिमा या देव दीवाली पर कितने दीये जलाने चाहिए? दीपक जलाने का शुभ समय क्या है

Aaj Chandra Grahan Hai Kya 2025: कार्तिक पूर्णिमा पर यानी 5 नवंबर 2025 को चंद्र ग्रहण लगेगा या नहीं, तुरंत दूर करें अपना कन्फ्यूजन