1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Bada Mangal 2026 Upay: बड़ा मंगल पर करें ये अचूक उपाय, बजरंगबली दूर करेंगे हर संकट, सुख-समृद्धि की होगी प्राप्ति

Bada Mangal 2026 Upay: बड़ा मंगल पर करें ये अचूक उपाय, बजरंगबली दूर करेंगे हर संकट, सुख-समृद्धि की होगी प्राप्ति

Bada Mangal 2026: बड़े मंगल के दिन हनुमान जी की पूजा का विधान है। इस दिन इन खास उपायों को करने से बजरंगबली की कृपा से सभी संकट शीघ्र दूर हो जाते हैं।

बड़े मंगल के उपाय- India TV Hindi
Image Source : PEXELS बड़े मंगल के उपाय

Bada Mangal Upay: हिंदू धर्म में ज्येष्ठ माह में आने वाले मंगलवार का विशेष महत्व होता है। इस माह में आने वाले सभी मंगलवार को बड़े मंगल के नाम से जाना जाता है। इस दिन हनुमान जी की विशेष रूप से पूजा की जाती है। कल यानी 9 जून को छठा बड़ा मंगल मनाया जाएगा। वहीं अधिक ज्येष्ठ महीने का आखिरी मंगलवार 23 जून को रहेगा। वैसे तो प्रत्येक मंगलवार को हनुमान जी की पूजा का विधान है, लेकिन जो लोग हर मंगलवार को पूजा के लिये समय नहीं निकाल पाते, उन लोगों के लिये ज्येष्ठ महीने का ये मौका बड़ा ही खास है।  ज्येष्ठ महीने में पड़ने वाले मंगलवार को हनुमान जी की पूजा करके विशेष लाभ पा सकते हैं। इसके साथ ही बड़े मंगल के दिन इन विशेष उपायों को करने से हर समस्या से छुटकारा मिल जाता है। तो यहां जानिए बड़े मंगल के अचूक उपायों के बारे में।

- अगर आपको अपने किसी काम को करने में कोई परेशानी आ रही है और वह पूरा नहीं हो पा रहा है तो बड़े मंगल के दिन एक मौली, यानि कलावा लेकर हनुमान जी के मंदिर जायें और वहां जाकर उस मौली को हनुमान जी के चरणों में रख दें। अब भगवान के चरणों से सिंदूर लेकर अपने माथे पर टीका लगाएं। उसके बाद वहां रखी मौली में से एक लंबा सा धागा निकालकर अपने हाथ की कलाई में बांध लें और बाकी बची हुई मौली को वहीं मंदिर में ही रखा रहने दें।

- अगर आप संतान सुख पाना चाहते हैं तो बड़े मंगल के दिन स्नान आदि के बाद एक जटा वाला नारियल और सवा मीटर लाल कपड़ा लें। अब नारियल पर उस लाल कपड़े को लपेट दें। इस प्रकार लाल कपड़े से लिपटे हुए नारियल को हनुमान जी के मंदिर में चढ़ा दें। उसके बाद मंदिर में या फिर अपने ही घर में उचित स्थान पर बैठकर हनुमानष्टक का पाठ करें।

- यदि आपका बच्चा अचानक से रात को सोते समय डर जाता है या उसे दूसरे नये लोगों से मिलने-जुलने में परेशानी होती है तो बड़े मंगल के दिन आपको श्री हनुमान की उपासना करनी चाहिए। साथ ही भगवान को केसरिया सिंदूर अर्पित करना चाहिए और अपने बच्चे के माथे पर भगवान के चरणों से लिया गया सिंदूर लगाना चाहिए।

- अगर आप अपने कामों की गति को बनाये रखना चाहते हैं या अपने किसी खास काम की सफलता सुनिश्चित करना चाहते हैं तो बड़े मंगल के दिन एक सफेद कोरा कागज और केसरीया सिंदूर लें। अब उस सिंदूर में थोड़ा-सा चमेली का तेल मिलाकर, उससे सफेद कोरे कागज पर भगवान राम का नाम लिखें।.... राम, राम, राम.......... इस प्रकार 11 बार ‘राम’ नाम लिखना है। लिखने के बाद उस कागज को अच्छे से सुखा लें और सूखने के बाद उस कागज को मोड़कर अपने पर्स में रख लें।

- अपने घर की सुख-समृद्धि के लिये, अपने परिवार को हर बुरी नजर से बचाये रखने के लिये बड़े मंगल के दिन आपको एक छोटा-सा मिट्टी का बर्तन लेना चाहिए। अब उस बर्तन में शहद डालना चाहिए और उसके ऊपर ढक्कन लगाना चाहिए। इस प्रकार मिट्टी के बर्तन में शहद डालकर, उस पर ढक्कन लगाकर हनुमान जी के मंदिर में रख आयें।

- अगर आपको अपने नये व्यापार में किसी प्रकार की कठिनाइयां आ रही हैं तो उन कठिनाइयों से निजात पाने के लिये बड़े मंगल के दिन आपको सबसे पहले सुबह स्नान आदि से निवृत्त होना चाहिए। उसके बाद आक या मदार के पौधे के पास जाना चाहिए और उसकी विधि-पूर्वक रोली, चावल आदि से पूजा करनी चाहिए।

- अगर आप अपने कार्यों की सफलता को बनाये रखना चाहते हैं तो इसके लिये बड़े मंगल के दिन आपको उठकर सबसे पहले स्नान आदि से निवृत्त होना चाहिए। उसके बाद नीम के पेड़ के पास जाकर प्रणाम करना चाहिए, साथ ही उसकी जड़ में जल चढ़ाना चाहिए।

- अगर उच्चाधिकारियों से आपके संबंध ज्यादा ठीक नहीं है तो उनसे अपने संबंध मधुर बनाये रखने के लिये बड़े मंगल के दिन आपको किसी लौहार के पास जाना चाहिए और उससे कोई लोहे की चीज़ खरीदकर लानी चाहिए। खरीदकर घर लाने के बाद उस लोहे की चीज़ को अपने घर की पश्चिम दिशा में संभालकर रख दें।

- अगर आपके वैवाहिक जीवन में किसी प्रकार की परेशानी आ रही है तो उस परेशानी से छुटकारा पाने के लिये बड़े मंगल के दिन आपको काला सुरमा लेना चाहिए और घर से कहीं दूर विराने में जाकर उस काले सुरमे को दबाना चाहिए।

- अगर आप अपनी बातों को दूसरे लोगों के सामने स्पष्ट रूप से व्यक्त नहीं कर पाते हैं, तो बड़े मंगल के दिन एक पान का पत्ता लेकर उस पर थोड़ा-सा कत्था लगाएं। अब उस पान के पत्ते को मोड़कर, एक सफेद रंग के कोरे कागज में लपेटकर हनुमान जी के मंदिर में चढ़ा दें।

- अगर भाई-बहनों के साथ आपके संबंधों में प्यार और लगाव कम हो गया है, तो बड़े मंगल के दिन हनुमान जी को बूंदी का भोग लगाएं। साथ ही भगवान के सामने हाथ जोड़कर विनती करें।

- अगर आप अपने घर की सुख-समृद्धि में बढ़ोतरी करना चाहते हैं, तो बड़े मंगल के दिन तांबे की कोई वस्तु लेकर या तांबे का एक छोटा-सा टुकड़ा लेकर हनुमान जी के मंदिर में चढ़ाएं।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें-

Jagnnath Rath Yatra 2026 Date: इस बार कब निकलेंगे महाप्रभु नगर भ्रमण पर? जानें पुरी जगन्नाथ रथ यात्रा की सही तिथि और महत्व

Panchang 9 June 2026: मंगलवार को मनाया जाएगा बड़ा मंगल, जानें शुभ मुहूर्त, राहुकाल और सूर्योदय-सूर्यास्त का समय