1. Hindi News
  2. धर्म
  3. 16 सितंबर की सुबह अपनी नीच राशि में गोचर करेंगे चंद्रमा, मेष-धनु सहित 4 राशियों को बरतनी होगी सावधानी

16 सितंबर की सुबह अपनी नीच राशि में गोचर करेंगे चंद्रमा, मेष-धनु सहित 4 राशियों को बरतनी होगी सावधानी

चंद्रमा 16 सितंबर की सुबह तुला राशि से निकलकर अपनी नीच राशि वृश्चिक में गोचर कर जाएंगे। चंद्रमा के इस गोचर के दौरान किन राशियों को सावधानी बरतनी चाहिए, आइए जानते हैं।

Moon Transit- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC चंद्र गोचर 16 सितंबर

चंद्रमा 16 सितंबर की सुबह तुला राशि से निकलकर अपनी नीच राशि वृश्चिक में गोचर करेंगे। चंद्रमा का यह गोचर सुबह 10 बजकर 49 मिनट पर होगा। नीच अवस्था में जाकर चंद्रमा की शक्ति क्षीण हो सकती है। इस वजह से मेष, धनु सहित राशिचक्र की कुछ राशियों को जीवन में उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। इन राशियों को करियर, पारिवारिक और आर्थिक जीवन को लेकर सावधानियां बरतने की आवश्यकता होगी। साथ ही कुछ आसान से उपाय करना भी इनके लिए अच्छा रहेगा। आइए विस्तार से जान लेते हैं इन राशियों के बारे में। 

मेष राशि

चंद्रमा का गोचर आपकी राशि से अष्टम भाव में होगा। यह भाव अचानक से होने वाली घटनाओं का कारक माना जाता है। नीच राशि में चंद्रमा की स्थिति के चलते मेष वालों को आर्थिक संकट घेर सकते हैं। इस दौरान आपको यात्राओं के दौरान कीमती सामान की सुरक्षा करनी चाहिए, चोरी होने की आशंका है। वाहन चलाते समय भी अतिरिक्त सावधानी बरतें। किसी भी तरह का जोखिम उठाना आपके लिए भारी पड़ सकता है। 18 सितंबर तक जितना संभलकर रहेंगे उतना ही आपके लिए बेहतर होगा। उपाय के तौर पर आपको शिव चालीसा का पाठ करना चाहिए। 

मिथुन राशि

मिथुन राशि वालों चंद्रमा आपके त्रिक भावों में से छठे भाव में गोचर करेंगे। यह भाव रोग और शत्रुओं का कारक माना गया है। ऐसे में आपके छठे भाव में नीच स्थिति में विराजमान चंद्रमा शत्रु पक्ष को सक्रिय कर सकते हैं। कार्यक्षेत्र में विरोधियों से आपको सावधान रहने की आवश्यकता होगी, राज की बातें किसी के साथ भी साझा न करें। बाहर का तला-भुना भोजन करने से भी बचें नहीं तो तबीयत खराब हो सकती है। खर्चों पर भी इस राशि के लोगों को लगाम लगानी होगी। उपाय के तौर पर  'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जप करना आपके लिए सुखद साबित होगा। 

कन्या राशि

आपकी राशि से तृतीय भाव में चंद्रमा गोचर करेंगे। इस भाव में चंद्रमा की स्थिति के चलते भाई-बहनों के साथ मनमुटाव हो सकता है। आपको बातचीत के दौरान शब्दों का इस्तेमाल सावधानी से करना होगा। धन से जुड़ा कोई भी फैसला जल्दबाजी में न लें। इस राशि के लोगों को गुस्से पर भी नियंत्रण रखने की सलाह दी जाती है। कार्यक्षेत्र में महिला कर्मचारियों के साथ सही व्यवहार करें वरना आपकी छवि खराब हो सकती है। उपाय के तौर पर  शिवलिंग पर बेलपत्र अर्पित करें। 

धनु राशि

चंद्रमा आपकी राशि से द्वादश भाव यानि कि हानि के भाव में संचार करेंगे। इस गोचर के चलते खर्चों में अचानक से वृद्धि देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही कुछ लोगों को सेहत से जुड़ी परेशानियों का भी सामना करना पड़ सकता है, इसलिए सतर्क रहें। पारिवारिक जीवन में कोई भी फैसला लेने से पहले बड़े बुजुर्गों की सलाह अवश्य लें। इस दौरान जीवनसाथी के साथ उन बातों को लेकर न झगड़ें जिनको लेकर अतीत में भी टकराव हो चुका है, वरना अलगाव हो सकता है। उपाय के तौर पर आपको सफेद वस्तुएं जैसे चावल, चीनी या दूध का दान करना चाहिए।  

 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

यह भी पढ़ें:

सितंबर में कब है विश्वकर्मा पूजा? नोट कर लें पूजा सामग्री लिस्ट