1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Dhanteras Ke Upay: धनतेरस पर कर लें ये छोटे-छोटे उपाय, सालभर भरी रहेगी तिजोरी और दूर होगा हर संकट

Dhanteras Ke Upay: धनतेरस पर कर लें ये छोटे-छोटे उपाय, सालभर भरी रहेगी तिजोरी और दूर होगा हर संकट

6 नवंबर को धनतेरस का त्योहार मनाया जाएगा। इस दिन पूजा-पाठ के साथ ही खरीददारी करनी की परंपरा है। वहीं धनतेरस के दिन इन आसान उपायों को करने से घर का भंडार धन-धान्य से सदैव भरा रहता है।

धनतेरस के उपाय- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV धनतेरस के उपाय

शुक्रवार से पांच दिवसीय दिवाली के त्योहार की शुरुआत हो रही है। दिवाली उत्सव के पहले दिन धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। उसके बाद नरक चतुर्दशी, दिवाली, गोवर्धन पूजा और आखिर में भैया दूज का त्योहार मनाया जाता है। बता दें कि धनतेरस के दिन बाजार से कुछ न कुछ खरीदकर लाने की परंपरा है। विशेषकर सोने या चांदी की चीजें खरीदने का महत्व है। लेकिन जो लोग ये नहीं खरीद सकते वो स्टील, पीतल या तांबे आदि का बर्तन खरीद सकते हैं। इस दिन धातु की चीजें खरीदना बड़ा ही शुभ फलदायी होता है। अतः धनतेरस के दिन कोई न कोई धातु की चीज खरीदकर घर अवश्य लानी चाहिए। धनतेरस के दिन घर में किसी चीज का आगमन पूरे साल भर की खुशियों के आगमन के समान है। धनतेरस के दिन खरीददारी करने के लिए ये मुहूर्त सबसे उत्तम रहेगा।

धनतेरस के दिन यम देवता के लिये दीप जलाने का विधान है। सूर्यास्त के बाद घर के बाहर यम देवता के नाम का तेल का एक दीपक जलाया जाता है।  कहते हैं आज यम देवता के निमित्त दीपक जलाने से जीवन में किसी प्रकार का भय नहीं रहता। इसके अलावा धनतेरस के दिन इन आसान उपायों को करने से पूरे साल धन-समृद्धि का आगमन होता है। तो आइए आचार्य इंदु प्रकाश से जानते हैं धनतेरस के दिन किए जाने वाले विशेष उपायों के बारे में।

- अगर आपके मन में कोई भय बना रहता है तो धनतेरस के दिन आप यम देवता के लिये घर के बाहर जलाये जाने वाले तेल के दीपक में काली गुंजा के दो दाने डालकर जलाएं।

- अगर आप मां लक्ष्मी की कृपा से अपनी धन की तिजोरियां भरी रखना चाहते हैं तो धनतेरस के दिन लक्ष्मी यंत्र घर लाइये और उसे घर में उचित स्थान पर रख दीजिये। अब इसका उपयोग दिवाली के दिन करना है। दिवाली के दिन शाम को लक्ष्मी पूजा के समय इस यंत्र को रखिये और उचित विधि से इसकी पूजा कीजिये। साथ ही लक्ष्मी जी के मंत्र का जप कीजिये। मंत्र है- ॐ श्रीं ह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद श्रीं ह्रीं श्रीं महालक्ष्म्यै नमः' लेकिन अगर आपको इस मंत्र का जप करने में कठिनाई महसूस हो, तो केवल 'श्रीं ह्रीं श्रीं' मंत्र का जप कीजिये। क्यूंकि देवी मां का एकाक्षरी मंत्र तो ‘श्रीं' ही है। साथ ही ध्यान रहे कि लक्ष्मी के मंत्र जप के लिये स्फटिक की माला को सर्वोत्तम बताया गया है। कमलगट्टे की माला को भी उत्तम बताया गया है, लेकिन अगर ये दोनों न हो, तो रुद्राक्ष की माला पर भी जप कर सकते हैं।

- धनतेरस के दिन आप एक बरगद का पत्ता लाकर उसे साफ कर लें। फिर उसे गोल-गोल घुमाते हुए मोड़कर उस पर मौली या कलावा बांधें और हल्की-सी चन्दन की खुशबू लगाएं। फिर एक लाल रंग के कपड़े में कुछ सिक्कों और 5 कौड़ियों के साथ उसे बांधकर अपने घर या ऑफिस में धन वाले स्थान पर रख दें।

- अगर आप अपने जीवन से निगेटिविटी दूर करना चाहते है तो धनतेरस के दिन आप यमदेवता के लिये जलाये जाने वाले दीपक में एक चुटकी काले तिल डालकर जलाएं।

- अगर आप मां लक्ष्मी और श्री गणेश जी का आशीर्वाद पाना चाहते है तो धनतेरस के दिन आप सिक्के, बर्तन के अलावा मिट्टी के लक्ष्मी-गणेश जी खरीदकर घर लाएं और दिवाली वाले दिन उनकी
पूजा करें।

- अगर आप अपना स्वास्थ्य बेहतर बनाये रखना चाहते है तो धनतेरस के दिन आप एक तुलसी की पत्ती को अपनी जीभ पर रखकर निगल जायें। ध्यान रहे कि तुलसी की पत्ती को चबाना नहीं है, उसे केवल निगलना है। यहां ध्यान देने योग्य एक बात, बता दूं कि सूर्यास्त के बाद और रविवार के दिन तुलसी का पत्ता कभी नहीं तोड़ना चाहिए।

- अगर आप अपने घर में खुशहाली बनाये रखना चाहते है तो धनतेरस के दिन आप एक सूखा नारियल खरीदकर लाइये और दिवाली वाले दिन उससे मां लक्ष्मी को भोग लगाइये। आप चाहें तो उस नारियल से कोई मिठाई बनाकर भोग लगा सकते हैं या फिर उसे घिसकर, उसमें थोड़ी शक्कर मिलाकर भी भोग लगा सकते हैं।

- अपने घर की सुख-समृद्धि के लिये धनतेरस के दिन एक पीपल का पत्ता लेकर, उस पर पीले चन्दन का टीका लगाकर बहते जल में प्रवाहित करें। साथ ही एक सफेद कपड़े में 5 गोमती चक्र लपेटकर अपने पास रखें।

- अगर आप अपने घर में धन की वर्षा करना चाहते हैं तो इस बार धनतेरस के दिन कुबेर यंत्र घर पर लाइये और उसे किसी सुरक्षित स्थान पर रख दीजिये। अब दिवाली के दिन शाम को
पूजा के समय उस यंत्र की भी विधि-पूर्वक पूजा कीजिये और मंत्रमहार्णव में दिये कुबेर जी के 16 अक्षरों के मंत्र का जप कीजिये। मंत्र है- 'ऊँ श्री ऊँ ह्रीं श्री ह्री क्लीं श्री क्लीं वित्तेश्वराय नमः।' इस प्रकार धनतेरस खरीदे गये कुबेर यंत्र को दिवाली के दिन उचित विधि से कम से कम 51 हजार मंत्रों द्वारा सिद्ध करके अपने घर में स्थापित कीजिये।

- धनतेरस के दिन एक रूई का पैकेट खरीदकर घर लाएं और उस पर ‘श्री गणेशाय नमः' मंत्र का 11 बार जप करें। मंत्र जप करने के बाद इस रूई से बाती बनाकर रख लीजिये और धनतेरस से लेकर दिवाली तक आप घर में जो दिये जलायें, उनमें इन्हीं बाती का उपयोग करें।

- अगर आपके जीवन से खुशियां गायब हो गयी है तो खुशियों को वापस लाने के लिये धनतेरस के दिन आप तुलसी के पौधे को प्रणाम करके उसके तने पर रोली से टीका करें। साथ ही हाथ जोड़कर अपनी खुशियों के लिये प्रार्थना करें।

- अगर आप चाहते है कि आपके साथ सब अच्छा ही अच्छा हो तो धनतेरस के दिन आप शिव मंदिर जाकर भगवान शिव का आशीर्वाद लें और 'ऊँ नमः शिवाय' मंत्र का 21 बार जप करें।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें: 

Dhanteras Story In Hindi: धनतेरस पर जरूर पढ़ें यह कथा, मां लक्ष्मी और यमराज से जुड़ा है इसका गहरा महत्व