हरियाली तीज साल की पहली तीज होती है, जो श्रावण शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाई जाती है। इस दिन महिलाएं व्रत रखती हैं, झूला झूलती हैं, लोकगीत गाती हैं और शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं। इस बार हरियाली तीज पर दो अति शुभ योगों का निर्माण हो रहा है। पंचांग अनुसार इस दिन शिव योग और सिद्ध योग रहेगा। ज्योतिष अनुसार इन योगों में किए गए कार्यों में सफलता प्राप्त होती है। ऐसे में इस दिन हरियाली तीज की पूजा कई गुना फलदायी साबित होगी। चलिए जानते हैं हरियाली तीज की पूजा विधि और मुहूर्त।
हरियाली तीज पर शुभ योग कब से कब तक रहेंगे?
पंचांग अनुसार हरियाली तीज पर शिव योग सुबह 7 बजकर 9 मिनट तक रहेगा। वहीं सिद्ध योग इसके बाद से शुरू होकर अगले दिन सुबह 5 बजकर 21 मिनट तक रहेगा।
हरियाली तीज शुभ मुहूर्त 2026
हरियाली तीज 14 अगस्त 2026 की शाम 06:46 से शुरू होकर 15 अगस्त 2026 की शाम 05:28 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार हरियाली तीज का पर्व 15 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। हरियाली तीज के शुभ मुहूर्त इस प्रकार रहेंगे:
- ब्रह्म मुहूर्त - 04:24 AM से 05:07 AM
- प्रातः सन्ध्या - 04:45 AM से 05:50 AM
- अभिजित मुहूर्त - 11:59 AM से 12:52 PM
- विजय मुहूर्त - 02:37 PM से 03:30 PM
- गोधूलि मुहूर्त - 07:01 PM से 07:22 PM
- सायाह्न सन्ध्या - 07:01 PM से 08:06 PM
- अमृत काल - 08:18 PM से 09:53 PM
हरियाली तीज पूजा विधि
- हरियाली तीज के दिन घर के मंदिर को फूलों से सजाएं।
- शिव-पार्वती की षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना करें।
- भगवान शिव और माता पार्वती के मंत्रों का जाप करें।
- शिव-पार्वती की आरती जरूर करें।
- भगवान को फलों और मिठाई का भोग लगाएं।
- मंदिर दर्शन के लिए जरूर जाएं।
हरियाली तीज का महत्व
हरियाली तीज पर कई जगह सास अपनी बहू को हरे रंग के कपड़े, आभूषण, श्रृंगार का सामान, मेहंदी और मिठाइयां भेंट स्वरूप देती है। इस दिन महिलाएं अपने हाथों पर मेहंदी जरूर लगाती हैं और हरे रंग के वस्त्र पहनती हैं। इस दिन पैरों पर आलता लगाना बेहद शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं अनुसार इस दिन व्रत रखने से महिलाओं को अखंड सौभाग्य की प्राप्ति होती है।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें:
हरियाली, कजरी और हरतालिका तीज कब है? नोट कर लें सही तिथियां और शुभ मुहूर्त