ज्योतिष शास्त्र में 3 ग्रहों को आपके करियर में परेशानियों का जिम्मेदार भी माना जाता है और सफलता का भी। अगर आपको कई प्रयासों के बाद भी सफलता करियर क्षेत्र में नहीं मिल रही, आमदनी में इजाफा नहीं हो रहा या फिर मनचाही नौकरी नहीं मिल रही तो इन ग्रहों से जुड़े उपाय आपको करने चाहिए। ये ग्रह हैं सूर्य, शनि और गुरु। इन ग्रहों को कैसे आप मजबूत कर सकते हैं और करियर में सफलता प्राप्त कर सकते हैं, आइए जानते हैं।
सूर्य ग्रह
सूर्य को ग्रहों का राजा कहा जाता है और साथ ही सूर्य नेतृत्व और तरक्की के कारक ग्रह भी हैं। कुंडली में इनकी स्थिति शुभ न हो तो मेहनत के बाद भी सफलता मिलने में दिक्कतें आ सकती हैं। इसलिए सूर्य को मजबूत करने के लिए नीचे दिए गए उपाय करने चाहिए।
- सूर्य को मजबूत करने के लिए पिता के साथ संबंधों को सुधारें।
- सूर्य ग्रह से जुड़ी वस्तुओं जैसे- गुड़, गेहूं आदि का दान करें।
- तांबे के पात्र में जल भरकर सूर्य देव को अर्घ्य दें।
- आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।
शनि ग्रह
शनि देव को कर्मों का फल देने वाला माना जाता है। अगर कुंडली में शनि अस्त हों या वक्री हों तो करियर के क्षेत्र में दिक्कतों का सामना आपको करना पड़ सकता है। शनि के कमजोर होने पर हर कार्य देरी से होते हैं और मेहनत करने के बाद भी आपको उचित परिणाम प्राप्त नहीं होता। इसलिए शनि को मजबूत करने के लिए नीचे दिए गए उपाय करने चाहिए।
- शनि को मजबूत करने के लिए जरूरतमंदों की सहायता करें और असहाय लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करें।
- शनिवार के दिन तेल का दान करने से शनि शुभ फल देते हैं।
- लोहा, काले तिल, काले कपड़े का दान करें।
- काले कुत्ते, काली गाय को रोटी खिलाएं।
- हनुमान चालीसा का पाठ और शिव जी की आराधना करने से भी शनि मजबूत होते हैं।
गुरु ग्रह
गुरु ग्रह को ज्योतिष में संपन्नता, लाभ, ज्ञान और विवेक कारक माना जाता है। कुंडली में इनकी स्थिति का शुभ होना भी बेहद आवश्यक होता है। अगर गुरु मजबूत नहीं हैं तो करियर के क्षेत्र में हमेशा उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। गुरु को मजबूत करने के लिए आपको नीचे दिए गए उपाय करने चाहिए।
- विष्णु भगवान की आराधना करे।
- पीले वस्त्र धारण करें।
- पीली दाल, केला आदि का दान करें।
- गुरु ग्रह के मंत्रों का जप करें।
- पिता और गुरुजनों का सम्मान करें।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें:
जुलाई में शुक्र और सूर्य की बदलेगी चाल, 4 राशियों को करियर क्षेत्र में मिल सकती है बड़ी सफलता