1. Hindi News
  2. धर्म
  3. मेहनत से मिट्टी को भी सोना बना सकते हैं इस मूलांक के लोग, किस्मत नहीं कर्म पर करते हैं भरोसा

मेहनत से मिट्टी को भी सोना बना सकते हैं इस मूलांक के लोग, किस्मत नहीं कर्म पर करते हैं भरोसा

अंकज्योतिष शास्त्र में मूलांक 8 के लोगों को सबसे ज्यादा मेहनती माना गया है। कहते हैं ये अपनी मेहनत के दम पर कुछ भी हासिल कर सकते हैं। चलिए जानते हैं इस मूलांक वालों के बारे में दिलचस्प बातें।

numerology- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV क्या आप जानते हैं ये कौन सा मूलांक है?

अंकज्योतिष की मानें तो हर एक मूलांक का अपना एक अलग स्वभाव और व्यक्तित्व होता है। लेकिन जब बात अटूट मेहनत और कड़े संकल्प की आती है तो इसमें मूलांक 8 वालों का कोई जवाब नहीं होता। इस मूलांक के लोगों की इच्छाशक्ति इतनी ज्यादा मजबूत होती है कि अगर ये एक बार ठान लें तो मिट्टी को भी सोना बना सकते हैं। बता दें किसी भी महीने की 8, 17 और 26 तारीख में जन्मे लोगों का मूलांक 8 होता है। इस मूलांक का संबंध शनि से माना गया है। शनि के कारण ही ये लोग मेहनती, अनुशासनप्रिय और अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित होते हैं। ये किस्मत से ज्यादा कर्म पर भरोसा करते हैं। चलिए जानते हैं इनसे जुड़ी खास बातें।

किस्मत से ज्यादा कर्म पर करते हैं भरोसा

मूलांक 8 वाले अपने जीवन में इसी सिद्धांत पर चलते हैं कि जैसा बोओगे वैसा काटोगे। इसी कारण से ये लोग कर्म पर भरोसा करते हैं। इन्हें बचपन से ही इस बात की समझ होती है कि बिना मेहनत के कुछ भी हासिल नहीं होने वाला है, इसलिए ये खाली नहीं बैठते। ये अपने भाग्य की लकीरें खुद बनाते हैं। शुरुआत में चाहे परिस्थितियां कितनी भी मुश्किल क्यों न हों, लेकिन एक समय बाद ये अपने कर्मों से अपना जीवन सुख-सुविधाओं से भर ही लेते हैं।

मिट्टी को सोना बनाने की ताकत

अगर मूलांक 8 वाले ठान लें तो ये अपनी कड़ी मेहनत से मिट्टी तक को सोना बना सकते हैं। शनि देव के प्रभाव के कारण इनके जीवन में भले ही खूब संघर्ष रहे लेकिन यही संघर्ष इन्हें अंदर से इतना मजबूत और परिपक्व बनाता देता है कि फिर इन्हें सफल होने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। जैसे सोने को निखरने के लिए आग में तपना पड़ता है, वैसे ही ये लोग भी सफल होने से पहले खूब संघर्ष और मेहनत करते हैं।

हमेशा जमीन पर रहते हैं

मूलांक 8 वालों की सबसे बड़ी खासियत यही है कि ये लोग जमीन से जुड़े रहते हैं। जीवन में चाहे कितनी ही सफलता क्यों न पा लें, लेकिन इनके अंदर अंहकार कभी नहीं आता। ये दिखावे और चकाचौंध से दूर रहना पसंद करते हैं और समाज के उत्थान के लिए बहुत काम करते हैं।

धन प्रबंधन में माहिर

मूलांक 8 वाले पैसा बहुत सोच-समझकर खर्च करते हैं, इसी कारण से इनके पास धन की कभी कमी नहीं होती। इन्हें निवेश की भी अच्छी समझ होती है। इसके अलावा व्यापार के क्षेत्र में भी इनका दिमाग बहुत तेज चलता है।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

यह भी पढ़ें:

हर समस्या का समाधान है इस मूलांक के पास, डूबती नैया पार लगा देती है इनकी सलाह!

Numerology: इस मूलांक के लोग होते हैं सबसे बड़े दानवीर, समाज सेवा को ही मानते हैं अपना असली धर्म!