हस्तरेखा शास्त्र के मानें तो न केवल हाथ की रेखाएं और चिह्न बल्कि नाखूनों से भी आपके बारे में काफी कुछ पता चलता है। नाखून आपके व्यक्तित्व, स्वभाव, आदतों के बारे में भी जानकारी देते हैं और आपके स्वास्थ्य के बारे में भी नाखूनों से पता चल सकता है। आइए विस्तार से जान लेते हैं कि नाखूनों से क्या कुछ पता चलता है।
बड़े, चौड़े और स्पष्ट नाखून
जिन लोगों के नाखून चौड़े, आकार में बड़े और स्पष्ट होते हैं उनका स्वास्थ्य बहुत अच्छा माना जाता है। ऐसे लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता जबरदस्त होती है। ऐसे लोग खुले दिल के होते हैं और खेलकूद में इनकी रुचि हो सकती है। वहीं नाखून छोटे और अस्पष्ट हों तो व्यक्ति की तबीयत बार-बार खराब हो सकती है और साथ ही रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कम होती है। ऐसे लोग दुनिया से दूर अकेला रहना पसंद करते हैं।
अधिक चौड़े और कम लंबे नाखून
अगर नाखूनों का आकार बहुत चौड़ा है और लंबाई कम है तो ऐसे लोग दूसरों की आलोचना करने वाले माने जाते हैं। ऐसे लोग व्यर्थ बहस करने वाले भी हो सकते हैं। इसके साथ ही किसी बड़ी बीमारी के शिकार भी ऐसे लोग हो सकते हैं।
चौड़े और चौकोर नाखून
अगर नाखून चौड़े, चौकोर और दिखने में सुंदर हैं तो ऐसे लोग निष्कपट होते हैं किसी के प्रति इनके मन में द्वेष नहीं होता। नई चीजें सीखने में इनकी रुचि हो सकती है। साथ ही अच्छे सलाहकार भी ऐसे लोग हो सकते हैं। इनकी सेहत भी अक्सर अच्छी बनी रहती है।
चौकोर लेकिन छोटे नाखून
अगर नाखून चौकोर हों लेकिन इनकी लंबाई कम हो तो ऐसे लोग बहुत जल्दी दूसरों की बातों से आहत हो सकते हैं। हालांकि रचनात्मक कार्यों में इनकी रुचि होती है और कला के क्षेत्रों में ये सफलता पा सकते हैं। सेहत के लिहाज से देखा जाए तो ऐसे लोगों को हृदय रोग हो सकता है।
अधिक लंबे नाखून
अगर नाखून सामान्य से अधिक लंबे हैं तो ऐसे लोगों को शांत लेकिन कूटनीतिज्ञ माना जाता है। ऐसे लोग सही योजना बनाकर काम करने वाले होते हैं। लेखन, नई चीजों का अध्ययन करने में इनकी रुचि हो सकती है। हालांकि अत्यधिक सोचना इनका अवगुण है। सेहत के लिहाज से देखें तो बहुत बड़ा रोग कभी ऐसे लोगों को नहीं लगता। वहीं लंबे नाखून होने के साथ ही किसी व्यक्ति के हाथ में भाग्य रेखा भी मजबूत हो तो ख्याति ऐसे व्यक्ति को समाज में प्राप्त होती है।
अधिक छोटे नाखून
जिन लोगों के नाखून सामान्य से छोटे होते हैं वो जिद्दी प्रकृति के हो सकते हैं। ऐसे लोग अपनी बात को मनावने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। हालांकि नाखून छोटे होने के साथ ही गोलाकार भी हों तो व्यक्ति ऊर्जावान होता है। वहीं छोटे और कम चौड़े नाखून होने पर व्यक्ति बहुत संवेदनशील हो सकता है और छोटी-छोटी बातों पर आहत हो सकता है।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें:
सावन शिवरात्रि पर बनेगा चतुर्ग्रही योग, कर्क-वृश्चिक समेत इन 4 राशियों की चमकेगी तकदीर, कमाई में उछाल के संकेत!