1. Hindi News
  2. धर्म
  3. शनि दोष और साढ़ेसाती के बुरे प्रभाव होंगे दूर, बस शनिवार के दिन कर लें काले तिल से जुड़े ये 5 उपाय

शनि दोष और साढ़ेसाती के बुरे प्रभाव होंगे दूर, बस शनिवार के दिन कर लें काले तिल से जुड़े ये 5 उपाय

काले तिल को ज्योतिष शास्त्र में शनि देव से जुड़ा बेहद प्रभावी उपाय माना गया है। शनि दोष, साढ़ेसाती, ढैय्या और राहु-केतु के अशुभ प्रभाव कम करने के कुछ तरीके बताए गए हैं। मान्यता है कि शनिवार के दिन काले तिल से जुड़े कुछ आसान उपाय शनि दोष से राहत दिला सकते हैं। जानिए ऐसे ही 5 प्रमुख उपाय।

shaniwar upay- India TV Hindi
Image Source : PINTEREST तिल के उपाय दिलाएंगे साढ़ेसाती से राहत

सनातन धर्म में शनि देव को कर्मों का फल देने वाला न्यायप्रिय देवता माना जाता है। आमतौर पर लोग शनि का नाम सुनते ही डर जाते हैं, लेकिन शनि देव केवल व्यक्ति के कर्मों के आधार पर फल देते हैं। अगर किसी की कुंडली में शनि की साढ़ेसाती, ढैय्या या शनि दोष चल रहा है, तो शनिवार के दिन किए गए कुछ पारंपरिक उपाय लाभकारी माने जाते हैं। इनमें काले तिल से जुड़े उपाय विशेष रूप से प्रभावी बताए गए हैं। चलिए जानते हैं इनके बारे में। 

1. शनि दोष से राहत के लिए करें ये उपाय

शनिवार के दिन बहते जल में काले तिल प्रवाहित करना शुभ माना जाता है। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों को काले तिल का दान करने से भी शनि दोष, साढ़ेसाती, ढैय्या और राहु-केतु के अशुभ प्रभाव कम होने की मान्यता है। कुछ मान्यताओं में इसे कालसर्प योग और पितृ दोष की शांति के लिए भी लाभकारी बताया गया है।

2. धन संबंधी परेशानियां दूर करने का उपाय

अगर आर्थिक तंगी या बार-बार धन हानि की समस्या बनी रहती है, तो शनिवार को काले तिल और काली उड़द को काले कपड़े में बांधकर किसी गरीब व्यक्ति को दान करें। वहीं, एक मुट्ठी काले तिल को परिवार के सभी सदस्यों के सिर के ऊपर से सात बार उतारकर घर की उत्तर दिशा में फेंकने की भी मान्यता है। कहा जाता है कि इससे नकारात्मकता और धन संबंधी दिक्कतें कम होती हैं।

3. स्वास्थ्य लाभ के लिए अपनाएं ये उपाय

जल में काले तिल मिलाकर 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जाप करते हुए शिवलिंग का अभिषेक करने से शनि की कृपा मिलती है।साथ ही लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों में भी राहत मिलने की मान्यता है। वहीं, शनिवार के दिन जौ के आटे, काले तिल, गुड़ और तिल के तेल से बनी रोटी का दान भी शुभ माना जाता है।

4. काम में सफलता के लिए करें यह टोटका

अगर किसी महत्वपूर्ण कार्य में बार-बार बाधाएं आ रही हों, तो घर से निकलते समय एक मुट्ठी काले तिल साथ रखें। रास्ते में किसी कुत्ते को ये तिल खिलाना शुभ होता है। मान्यता है कि इससे कार्यों में आने वाली रुकावटें कम होती हैं और सफलता के योग मजबूत होते हैं।

5. आयु और सुख-समृद्धि के लिए उपाय

मंगलवार या शनिवार को जौ का आटा, काले तिल और तेल मिलाकर रोटी बनाकर उस पर तेल मिश्रित गुड़ लगाएं। इसके बाद इसे 7 बार उतारकर भैंसे को खिला दें। माना जाता है कि यह उपाय दीर्घायु, सुख-समृद्धि और शनि की कृपा प्राप्त करने में सहायक होता है।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें: कुंडली में पितृदोष बन सकता है पारिवारिक कलह और रुकावटों का कारण, जानें इससे बचने के उपाय