1. Hindi News
  2. धर्म
  3. गुप्त शिव मंत्र क्या है, सावन में इसका जप करने से कैसे परिणाम प्राप्त होते हैं? जानें

गुप्त शिव मंत्र क्या है, सावन में इसका जप करने से कैसे परिणाम प्राप्त होते हैं? जानें

सावन में शिव जी की कृपा प्राप्त करने के लिए भक्त कई तरह के उपाय करते हैं। इन्हीं उपायों में से एक है गुप्त शिव मंत्र का जप। यह मंत्र क्या है और कैसे इसका जप आपको सावन में करना चाहिए, आइए जानते हैं।

Gupt Shiv Mantra- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL गुप्त शिव मंत्र

भगवान शिव का प्रिय सावन माह 11 जुलाई से शुरू हो चुका है और 9 अगस्त को इसका समापन होगा। सावन के माह के दौरान भक्त व्रत, पूजन, मंत्र जप शिव जी की कृपा प्राप्त करने के लिए भी करते हैं। सावन में भगवान शिव के गुप्त मंत्र का जप करना भी बेहद लाभदायक होता है। इस मंत्र का जप करने से आपकी सारी मनोकामनाओं को भोलेनाथ पूरा कर सकते हैं। आज हम आपको बताएंगे कि यह गुप्त मंत्र क्या है और सावन में इसको जपने से कैसे परिणाम आपको मिलते हैं। 

क्या है शिव जी का गुप्त मंत्र? 

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शिव जी का गुप्त मंत्र है 'ॐ नमः शिवाय'। अब आपके मन में यह सवाल उठा होगा कि इस मंत्र के बारे में तो हर व्यक्ति को मालूम है फिर ये गुप्त मंत्र कैसे हुआ। इसके पीछे भी एक कारण है। 

'ॐ नमः शिवाय' क्यों है गुप्त मंत्र?

दरअसल भगवान शिव के पंचाक्षरी मंत्र 'ॐ नमः शिवाय' को गुप्त मंत्र इसलिए कहा जाता है, क्योंकि इसका जप गुप्त तरीके से करना चाहिए। यानि बिना किसी को बताए इस मंत्र का जप करना बेहद शुभ होता है। गोपनीय रूप से अगर आप इस मंत्र का जप करते हैं तो चमत्कारी बदलाव आपके जीवन में आ सकते हैं। सावन के महीने में तो इस मंत्र को जपने से लाभ प्राप्त होता ही है, साथ ही सावन के इतर किसी भी माह में आप इस मंत्र का जप गुप्त रूप से शुरू कर सकते हैं। 

सावन में गुप्त शिव मंत्र को जपने के लाभ 

अगर सावन के महीने में कोई व्यक्ति गोपनीय रूप से गुप्त शिव मंत्र का जप करता है तो भोलेनाथ की कृपा उसपर बरसती है। इस मंत्र का जप करने से आत्मिक और आध्यात्मिक बल भक्त प्राप्त करते हैं। इसके साथ ही आपके घर-परिवार में भी इस मंत्र का जप करने से सकारात्मक बदलाव आते हैं। यह मंत्र आपकी वाणी में भी मिठास भरता है और समाज में भी आपकी छवि सकारात्मक बनती है। यह मंत्र आपके मन में बसे भय को दूर करने वाला और आपके कई अनसुलझे सवालों को सुलझाने वाला है। इस मंत्र के जप से भविष्य देखने की क्षमता भी आपको प्राप्त हो सकती है।

गुप्त मंत्र का जप करने से पहले रखें इस बात का ध्यान

शिव जी का गुप्त मंत्र 'ॐ नमः शिवाय' का जप शुरु करने से पहले आपको इसके बारे में अपने गुरु से अवश्य पूछ लेना चाहिए। अगर आपके कोई आध्यात्मिक गुरु नहीं हैं तो कुल के पंडित या फिर किसी धर्म के विद्वान से आप इस बारे में जान सकते हैं। माना जाता है कि, इस मंत्र का जप बिना सही मार्गदर्शन के शुरू नहीं करना चाहिए। खासकर गुप्त रूप से इस मंत्र का जप करने से पहले आपको सलाह मशवरा विद्वानों से अवश्य करना चाहिए। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें:

सावन सोमवार का व्रत गलती से टूट जाए तो क्या करना चाहिए? यहां जान लें क्या कहते हैं शास्त्र

Vish Yog: 15 जुलाई को बनेगा विष योग, इन 3 राशियों के लिए आने वाले कुछ दिन होंगे चुनौतीपूर्ण