Vish Yog: कुंडली में विष योग का निर्माण तब होता है जब शनि और चंद्रमा युति बनाते हैं यानि किसी राशि में एक साथ आ जाते हैं। वर्तमान में शनि ग्रह मीन राशि में विराजमान हैं और 15 जुलाई की रात्रि में चंद्रमा भी इस राशि में गोचर कर जाएंगे। शनि-चंद्रमा की युति बनने से कुछ राशियों को सेहत से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, साथ ही करियर और पारिवारिक जीवन में भी उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। 17 जुलाई तक इन राशियों को विशेष सावधानियां बरतनी होंगी। ये राशियां कौन-कौन सी हैं और क्या उपाय करने से ये विष योग के प्रभाव को कम कर सकते हैं, आइए जानते हैं।
कर्क राशि
शनि और चंद्रमा का विष योग आपके लिए प्रतिकूल साबित हो सकता है। चंद्रमा आपकी ही राशि के स्वामी हैं और विष योग के चलते आपकी सेहत पर बुरा प्रभाव डाल सकते हैं। इस दौरान आपको खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। माता-पिता या परिवार के किसी सदस्य का खराब स्वास्थ्य भी आपकी चिंता का विषय बनेगा। उच्च शिक्षा अर्जित कर रहे लोगों के जीवन में कुछ अनचाही घटनाएं हो सकती हैं। नौकरी पेशा लोग काम पर ध्यान दें और ज्यादा सोच-विचार करने से बचें। कारोबार की स्थिति को आप सही करने की कोशिश तो करेंगे, लेकिन फिर भी धन हानि होने की आशंका। उपाय के तौर पर कर्क राशि के जातकों को शिवलिंग पर जल चढ़ाना चाहिए।
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के सप्तम भाव में शनि और चंद्रमा की युति से विष योग का निर्माण होगा। सातवां भाव आपकी साझेदारी, वैवाहिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा को प्रभावित करता है। विष योग के बनने से रिश्तों में खटास आ सकती है। छोटी-छोटी बातें भी बड़े झगड़े का कारण इस दौरान बन सकती हैं। पार्टनर से बहस करने की बजाय उनकी बातें ध्यान से सुनें तो अच्छा रहेगा। सामाजिक स्तर पर शब्दों का प्रयोग सोच-समझकर करें नहीं तो मानहानि हो सकती है। पार्टनरशिप में कारोबार करने वालों को संभलकर रहना चाहिए। उपाय के तौर पर आपको जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए।
कुंभ राशि
विष योग का निर्माण आपके धन भाव में होगा इसलिए आर्थिक परेशानियां जीवन में पैदा हो सकती हैं। विष योग के दौरान आपको उधार का लेन-देन करने से बचना चाहिए। किसी भी स्थिति में जमापूंजी को खर्च करने से बचें। पिता के साथ वार्तलाप के दौरान अपनी मर्यादाओं की सीमा का उल्लंघन करने से बचें। गलत संगति में पड़कर इस राशि के कुछ लोग धन हानि कर सकते हैं। आवश्यकता से अधिक किसी पर भी भरोसा करना आपके लिए घातक साबित होगा। सेहत को लेकर भी सावधान रहें। उपाय के तौर पर आपको शिव चालीसा का पाठ करना चाहिए।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें:
सावन का हर एक सोमवार है खास, जानें किस सोमवार क्या चढ़ाने से शिव जी होंगे प्रसन्न
सावन में कब नहीं करना चाहिए रुद्राभिषेक? जान लें वरना हो जाएगा आपका अनर्थ