A
  1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Sawan 2025: सावन के पहले दिन शिव पूजन के लिए शुभ मुहूर्त कब रहेगा, अभी जान लें

Sawan 2025: सावन के पहले दिन शिव पूजन के लिए शुभ मुहूर्त कब रहेगा, अभी जान लें

Sawan 2025: सावन का महीना 11 जुलाई 2025 से शुरू हो जाएगा और 9 अगस्त तक इस पवित्र महीने में शिव जी की पूजा की जाएगी। ऐसे में आज हम आपको बताने वाले हैं कि सावन के पहले दिन शिव पूजन के लिए शुभ मुहूर्त कब से कब तक रहेगा।

Sawan 2025- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK सावन 2025

Sawan 2025: सावन के पवित्र महीने की शुरुआत 11 जुलाई से हो जाएगी यानि इस दिन श्रावण माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि होगी। यूं तो सावन के दौरान सोमवार के दिन भगवान शिव की विशेष पूजा की जाती है लेकिन सावन के पहले दिन भी भक्त शिव पूजा करते हैं। ऐसे में आज हम आपको अपने इस लेख में बताएंगे कि शिव जी की आराधना करने के लिए इस दिन कब-कब शुभ मुहूर्त रहेंगे। 

सावन के पहले दिन आपको भगवान शिव की पूजा सुबह से लेकर शाम तक किसी न किसी समय अवश्य करनी चाहिए। पूरे दिन में ब्रह्म मुहूर्त से लेकर प्रदोष काल तक कई शुभ मुहूर्त आएंगे। इनकी जानकारी नीचे दी गई है। 

सावन के पहले दिन शिव पूजन के लिए शुभ मुहूर्त 

  • ब्रह्म मुहूर्त: 04:16 AM से 05:04 AM तक
  • अभिजीत मुहूर्त: 12:05 PM से 12:58 PM तक
  • अमृत चौघड़िया: 08:27 AM से 10:06 AM तक
  • गोधुलि मुहूर्त: 07:22 PM से 07:41 PM तक

इन शुभ मुहूर्तों में आप शिव पूजन करके सावन के पहले दिन लाभ पा सकते हैं। इसके साथ ही भगवान शिव की पूजा प्रदोष काल में करना भी बेहद लाभदायक माना जाता है। प्रदोष काल सूर्योदय के बाद का समय होता है। इस अवधि में शिव पूजन करने से आध्यात्मिक उत्थान आप प्राप्त करते हैं। इसके साथ ही पारिवारिक और सामाजिक जीवन में भी शुभ फल आप पाते हैं। 

सावन में भगवान शिव को अर्पित न करें ये चीजें 

भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए भक्त शिवलिंग पर जल, बेलपत्र, दूध, दही, घी आदि अर्पित करते हैं। ऐसा करने से भोलेनाथ प्रसन्न भी होते हैं, हालांकि कुछ ऐसी चीजें भी हैं जिन्हें शिवलिंग पर चढ़ाने से आपको बचना चाहिए। आइए अब जानते हैं इन चीजों के बारे में। 

शिवलिंग पर तुलसी गलती से भी आपको नहीं चढ़ानी चाहिए। माना जाता है कि देवी तुलसी के पूर्व जन्म में भगवान शिव ने उनके पति का वध किया था, जिससे तुलसी अत्यंत दुखी हुई थीं। इसलिए शिवलिंग पर तुलसी नहीं चढ़ाई जाती। इसके साथ ही हल्दी भी भगवान शिव को अर्पित करना शुभ नहीं माना जाता। शिव भगवान की पूजा में कनेर, केतकी और कमल के फूल को भी शामिल करने से आपको बचना चाहिए। इसके साथ ही गलती से भी सिंदूर भगवान शिव को नहीं चढ़ाना चाहिए।