1. Hindi News
  2. धर्म
  3. शिवलिंग पर किस धातु के लोटे से जल चढ़ाना होता है सबसे शुभ? जानें जल अर्पित करने के सही नियम

शिवलिंग पर किस धातु के लोटे से जल चढ़ाना होता है सबसे शुभ? जानें जल अर्पित करने के सही नियम

सावन महीना आने वाला है। इस महीने में शिवलिंग पर जल चढ़ाने का खास महत्व माना जाता है। लेकिन कई श्रद्धालुओं के मन में अक्सर ये सवाल आता है कि शिवलिंग पर किस धातु के लोटे से जल चढ़ाना सबसे ज्यादा शुभ होता है, आज हम आपको इसी बारे में बताएंगे।

shivling- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV शिवलिंग पर जल किस लोटे से चढ़ाना चाहिए?

सनातन धर्म में भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। कहते हैं जो भी व्यक्ति नियम से रोजाना शिवलिंग पर जल अर्पित करता है उसके जीवन की सभी समस्याएं दूर हो जाती हैं। 30 जुलाई से सावन महीना लग रहा है और ये पवित्र महीना शिवलिंग की उपासना के लिए सबसे शुभ माना जाता है। इसी कारण से इस महीने में श्रद्धालु शिवलिंग पर खूब जल अर्पित करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए कौन सी धातु का लोटा सबसे शुभ होता है। अगर नहीं जानते तो हमारा ये आर्टिकल आपकी सारी कंफ्यूजन दूर कर देगा।

Image Source : india tvतांबे का लोटा सबसे शुभ

शिवलिंग पर किस धातु के लोटे से जल चढ़ाना है सबसे शुभ?

  • तांबे का लोटा - शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए तांबे का लोटा सबसे शुभ माना जाता है क्योंकि तांबे को बेहद पवित्र धातु माना जाता है। कहते हैं तांबे के लोटे से जल चढ़ाने से भगवान शिव शीघ्र ही प्रसन्न हो जाते हैं, साथ ही कुंडली में सूर्य और मंगल से जुड़े दोषों से राहत मिलती है। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि तांबे के लोटे से दूध कभी नहीं चढ़ाना चाहिए, क्योंकि तांबे में दूध दूषित या विषैला हो जाता है। अगर आप शिवलिंग पर दूध चढ़ा रहे हैं तो उसके लिए पीतल या चांदी के पात्र का प्रयोग करें।
  • चांदी का लोटा - तांबे के अलावा चांदी के लोटे से भी शिवलिंग पर जल चढ़ा सकते हैं। कहते हैं इससे कुंडली में चंद्रमा की स्थिति मजबूत होती है, जिससे घर में सुख, समृद्धि और मानसिक शांति आती है।
  • पीतल का लोटा - तांबे और चांदी के अलावा आप पीतल के लोटे से भी जल या दूध चढ़ा सकते हैं।

इन चीजों से न चढ़ाएं जल

शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए लोहा, स्टील, प्लाटिक या कांच के बर्तनों का प्रयोग न करें। दरअसल ये सभी अशुद्ध धातुएं मानी जाती हैं।

शिवलिंग पर जल अर्पित करने के सही नियम

  • इस बात का ध्यान रखें कि जल अर्पित करते समय आपका मुख हमेशा उत्तर या पूर्व दिशा की तरफ होना चाहिए।
  • शिवलिंग पर हमेशा बैठकर या फिर थोड़ा झुककर मन ही मन 'ओम नम: शिवाय' मंत्र का जाप करते हुए जल अर्पित करना चाहिए। एकदम सीधे खड़े होकर जल चढ़ाना अशुभ माना जाता है।
  • शिवलिंग पर जल हमेशा पतली और धीमी धार में चढ़ाएं। 
  • ध्यान रखें कि शिवलिंग पर चढ़ाया गया जल जिस रास्ते से बाहर निकलता है, उस स्थान को कभी लांघना नहीं चाहिए।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

यह भी पढ़ें:

सावन के पहले दिन बन रहे हैं कई योग का शुभ संयोग, नोट कर लें भगवान शिव की पूजा का उत्तम मुहूर्त