1. Hindi News
  2. धर्म
  3. सपने में पूर्वजों का दिखना कब शुभ और कब चिंताजनक? जाने लें क्या कहता है स्वप्नशास्त्र

सपने में पूर्वजों का दिखना कब शुभ और कब चिंताजनक? जाने लें क्या कहता है स्वप्नशास्त्र

सपने में हमें हमारे पूर्वज कई अवस्था में दिख सकते हैं। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि किन अवस्थाओं में पितरों का दिखना शुभ माना जाता है और किन स्थितियों में पितरों का दिखना चिंताजनक हो सकता है।

Dream Meaning- India TV Hindi
Image Source : PINTEREST सपने में पूर्वजों का दिखना

पितरों को हिंदू धर्म में भगवान का दर्जा प्राप्त है और अपने पूर्वजों की पूजा लगभग हर हिंदू परिवार में की जाती है। खासकर पितृपक्ष के दौरान हर व्यक्ति पितरों को प्रसन्न करने के लिए श्राद्ध-तर्पण आदि करता है, पितरों का आशीर्वाद जिस व्यक्ति को प्राप्त होता है उसे जीवन में सुख-समृद्धि प्राप्त हो सकती है। वहीं स्वप्नशास्त्र की मानें तो पितृ सपनों के जरिए कई तरह के संकेत भी हमको देते हैं। पितरों से जुड़े कुछ सपने जहां सुखद स्वप्नशास्त्र में बताए गए हैं वहीं कुछ सपनों को चिंताजनक भी बताया गया है। आज हम आपको इन्हीं सपनों के बारे में अपने इस लेख में जानकारी देंगे। 

पितरों से जुड़े शुभ सपने 

  • सपने में पितृ अगर आपको आशीर्वाद देते हुए दिखाई दें तो इसे बेहद शुभ सपना माना जाता है। इस सपने का अर्थ है कि पितृ आपके कार्यों से प्रसन्न हैं और आपने उनके निमित्त जो भी दान-पुण्य किया है वो उन तक पहुंचा है। ऐसा सपना दिखने के बाद आपको जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। 
  • अगर आप सपने में अपने पितरों को प्रसन्न मुद्रा में या मुस्कराते हुए देखते हैं तो इसे भी शुभ सपना माना जाता है। इस सपने का अर्थ है कि पितृ संतुष्ट हैं और उनकी आत्मा भी शांत है। 
  • सपने में अगर आपको पितृ फल, फूल या किसी तरह का उपहार देते हैं तो समझ लीजिए आपके जीवन की कई समस्याओं का अंत जल्द ही हो सकता है। आपको धन लाभ मिल सकता है और करियर के क्षेत्र में भी आप उन्नति प्राप्त कर सकते हैं। आपके अटके काम भी पूरे हो सकते हैं। 
  • पितृ सपने में अगर अपना प्रिय भोजन करते आपको दिखते हैं तो आपको जीवन में धन-धान्य की प्राप्ति हो सकती है। यह सपना संपन्नता का प्रतीक माना जाता है। 
  • पितृ अगर सपने में आपके साथ बातें करें और उनके द्वारा आपको किसी तरह की अच्छी खबर मिले तो असल जीवन में भी खुशखबरी आपको प्राप्त हो सकती है। ऐसा सपना वंश वृद्धि या आर्थिक उन्नति का भी प्रतीक हो सकता है। 
  • सपने में पितृ आपको आशीर्वाद देकर पल भर में अदृश्य हो जाएं तो समझ लीजिए उस पितृ की आत्मा को मुक्ति मिल चुकी है और आपका पितृ पूजन सफल हुआ है। 

पितरों से जुड़े ये सपने होते हैं चिंताजनक

  • सपने में पितरों को रोते हुए देखना शुभ नहीं माना जाता। इस सपने का अर्थ यह लगाया जाता है कि पितरों की आत्मा तृप्त नहीं है। ऐसा सपना आने के बाद आपको पितरों की पूजा विधि-विधान से करनी चाहिए और पितृपक्ष के दौरान पितरों का पिंडदान मृत्यु तिथि के अनुसार करना चाहिए। साल 2026 में पितृपक्ष कब से कब तक हैं इसके बारे में आप हमारी वेबसाइट पर विस्तार से जान सकते हैं। 
  • सपने में पितृ अगर गुस्से में आपको दिखाई दे रहे हैं तो समझ लीजिए आप जीवन में कुछ-न-कुछ ऐसा कर रहे हैं जो पितरों की नाराजगी का कारण बन रहा है। ऐसा सपना दिखने के बाद आपको सावधान हो जाना चाहिए, गलत कार्यों को करने से बचना चाहिए। 
  • पितृ अगर सपने में आकर आपसे कुछ न कुछ मांग रहे हैं तो यह अच्छा संकेत नहीं है। इस सपने का अर्थ यह है कि पितृ परेशानियों से घिरे हुए हैं। ऐसा सपना आने के बाद आपको दान-पुण्य और ब्राह्मण भोजन करवाना चाहिए और अपनी गलतियों के लिए पितरों से माफी मांगनी चाहिए। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

यह भी पढ़ें:

क्या उंगलियों को मिलाने के बाद भी नजर आता है गैप? हस्तरेखा शास्त्र से जानें क्या होता है इसका मतलब