Vaishakh 1st Sunday Upay: विकट संकष्टी चतुर्थी का शुभ संयोग, वैशाख के पहले रविवार को कर लें ये खास उपाय, गणपति की कृपा से हर काम में मिलेगी सफलता
Vaishakh 1st Sunday Upay: 5 अप्रैल को वैशाख माह का पहला संडे है। आचार्य इंदु प्रकाश के अनुसार आज के दिन कुछ विशेष उपायों से जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद मिल सकती है। यहां बताए गए उपायों को अपनाकर आप हर शुभ काम में सफलता पा सकते हैं।

Vaishakh 1st Sunday Upay: ज्योतिष और धार्मिक मान्यताओं में कुछ खास दिनों का विशेष महत्व बताया गया है। वैशाख महीने का पहला रविवार विशेष महत्व रखता है। इस दिन विकट संकष्टी चतुर्थी होने से यह दिन और भी शुभ फलदायी होगा। इस दिन किए गए कुछ सरल उपाय जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले माने जाते हैं। चाहे बात दाम्पत्य जीवन की हो, करियर की, पारिवारिक रिश्तों की या फिर मानसिक शांति की हर क्षेत्र के लिए अलग-अलग उपाय बताए गए हैं। आचार्य इंदु प्रकाश से जानते हैं रविवार के दिन के किए जाने वाले खास उपायों के बारे में।
दाम्पत्य संबंधों की मजबूती के लिए उपाय
शादीशुदा रिश्ते की मजबूती को बरकरार रखना चाहते हैं तो अपने जीवनसाथी के साथ किसी पानी के स्रोत के पास जाएं और वहां जाकर स्रोत के जल को दोनों हाथों में लेकर वरुण देव का ध्यान करते हुए और अपने रिश्ते की मजबूती के लिये भगवान से प्रार्थना करते हुए, जल को धीरे-धीरे करके वापस उसी स्रोत में डाल दें। अगर आपका जीवनसाथी आपसे कहीं दूर है, तो आप ही दोनों के निमित्त ये उपाय कर लें। अगर आप साफ पानी के किसी स्रोत पर न जा पायें, तो घर पर ही नल का साफ पानी लेकर उत्तर दिशा की तरफ मुंह करके वरुण देव का ध्यान करते हुए ये उपाय कर लें।
परेशानियों से छुटकारा पाने का उपाय
अगर आपके जीवन में परेशानियां का अंबार लग गया है और आप उनसे बाहर नहीं निकल पा रहे हैं, तो ऐसे में परेशानियों से छुटकारा पाने के लिये ये उपाय करें। इसके लिए आज के दिन से शुरू करके अगले पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र तक प्रतिदिन एक नीले रंग का फूल किसी गंदे नाले में बहा दें। अगला पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र 7 मई को पड़ रहा है और यह उस दिन शाम 6 बजकर 46 मिनट पर समाप्त होगा।
हर क्षेत्र में जीत के लिए उपाय
आज के दिन आपको जलवेतस यानी केन के पेड़ को नमस्कार करना चाहिए, उसकी उपासना करनी चाहिए और उसकी जड़ में पानी डालना चाहिए। साथ ही इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि आज के दिन केन के पेड़ की लकड़ियों या उससे बने फर्नीचर को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचाएं। अगर उपासना के लिये जलवेतस (केन) का पेड़ न मिले तो इंटरनेट से उसकी फोटो डाउनलोड करके, उसके दर्शन कर लें। आज आपका पूरा दिन अच्छा बीतेगा और आपको जीवन के हर क्षेत्र में जीत हासिल होगी।
परिवारिक रिश्तों को मजबूत करने का उपाय
अगर आप अपने परिवार के साथ रिश्तों को और मजबूत करना चाहते हैं, तो रिश्तों में मजबूती लाने के लिये आज के दिन दही का कुछ बनाकर, पहले अपने ईष्टदेव को भोग लगाएं। उसके बाद प्रसाद के रूप में वह परिवार के सब सदस्यों में बांट दें। अगर आप दही का कुछ न बना पाएं, तो केवल दही में थोड़ा सा मीठा डालकर अपने ईष्टदेव को भोग लगाएं । बाद में उसे परिवार के सब सदस्यों में बांट दें और स्वयं भी प्रसाद ग्रहण कर लें।
विदेश में पढ़ाई के लिए उपाय
अगर आप पढ़ाई के सिलसिले में विदेश जाना चाहते हैं, लेकिन काम नहीं बन पा रहा है तो आज के दिन अपने गुरु या अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेकर देवगुरु बृहस्पति के इस मंत्र का जाप करें। मंत्र इस प्रकार है- 'ॐ ग्रां ग्रीं ग्रौं स बृहस्पतये नमः'। आज इस मंत्र का जाप करने से आपको पढ़ाई के लिए विदेश जाने में हो रही दिक्कतें जल्द दूर होंगी।
संतान को लेकर चिंता दूर करने का उपाय
आज के दिन आपको एक नया पीले रंग का कपड़ा लेकर, उसे अपनी संतान के हाथों से स्पर्श कराकर विष्णु मन्दिर में चढ़ाना चाहिए। साथ ही इस मंत्र का 11 बार जप करना चाहिए। मंत्र है- 'ऊँ ऐं क्लीं बृहस्पतये नमः'। आज के दिन ऐसा करने से अपनी संतान की गतिविधियों के प्रति आपकी चिंता दूर होगी।
निगेटिव सिचुएशन से बचने का उपाय
आज के दिन आपको भगवान विष्णु की पूजा के समय 5 गोमती चक्र लेकर भगवान के सामने रखने चाहिए और उनकी विधि-विधान पूर्वक धूप दीप आदि से पूजा करनी चाहिए। पूजा के बाद उन गोमती चक्र को उठाकर पीले रंग के कपड़े में बांधकर अपने पास रख लें। ऐसा करने से आप जीवन में निगेटिव सिचुएशन से बचे रहेंगे।
जिम्मेदारियों को निभाने के लिए उपाय
अगर आप अपनी जिम्मेदारियों का अच्छे से निर्वहन करना चाहते हैं, यानी उन्हें बिना किसी परेशानी के अच्छे से निभाना चाहते हैं, तो आज के दिन आपको 'ऊँ नमो भगवते नारायणाय' मंत्र का 108 बार जप करना चाहिए और मंत्र जप के बाद श्री विष्णु को पीले रंग के फूल अर्पित करने चाहिए।
मैरिड लाइफ की अड़चन दूर करने का उपाय
आज के दिन आपको एक मुट्ठी मसूर की दाल लेनी चाहिए और उसे अपने जीवनसाथी के हाथों से सात बार स्पर्श कराना चाहिए। स्पर्श कराने के बाद उस मसूर की दाल को किसी साफ बहते जल में प्रवाहित कर दें। आज ऐसा करने से आपके दाम्पत्य संबंधों की खुशहाली में आ रही अड़चनें अपने आप दूर हो जायेंगी।
नौकरी में लाभ के लिए उपाय
आज के दिन आपको आम के साफ सुथरे पांच पत्ते लेकर उन्हें पानी से धोना चाहिए और उन पर रोली से 'श्री' लिखकर विष्णु जी को अर्पित करना चाहिए। आज के दिन ऐसा करने से नौकरी में लाभ की स्थिति सुनिश्चित होगी।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें: Vaastu Niyam: थाली में 3 रोटियां परोसते हैं? जान लें खाने से जुड़े ये जरूरी वास्तु नियम, फिर नहीं दोहराएंगे गलती