1. Hindi News
  2. धर्म
  3. वाल्मीकि जयंती 2026: कैसे 'मरा-मरा' जपते-जपते राम नाम बन गया? पढ़ें डाकू रत्नाकर के महर्षि वाल्मीकि बनने की अद्भुत कहानी

वाल्मीकि जयंती 2026: कैसे 'मरा-मरा' जपते-जपते राम नाम बन गया? पढ़ें डाकू रत्नाकर के महर्षि वाल्मीकि बनने की अद्भुत कहानी

'तू यह जो पाप कर्म कर रहा है, इसका भागीदार तेरे परिवार के लोग बनेंगे या नहीं?' बस! यही वह एक सवाल था जिसने खूंखार डाकू रत्नाकर की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। इसके बाद वे 'मरा-मरा' जपते-जपते राम नाम में लीन हो गए।

डाकू रत्नाकर के महर्षि वाल्मीकि बनने की अद्भुत कहानी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV डाकू रत्नाकर के महर्षि वाल्मीकि बनने की अद्भुत कहानी

Maharishi Valmiki Ki Kahani: हर साल आश्विन मास की पूर्णिमा यानी शरद पूर्णिमा के दिन महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाई जाती है और इस साल यह पावन पर्व 26 अक्टूबर 2026 को मनाया जा रहा है। यह महर्षि वाल्मीकि ही थे जिन्होंने रामायण जैसे महान महाकाव्य की रचना की और पूरी दुनिया में 'आदिकवि' के रूप में प्रतिष्ठित हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र को दुनिया के सामने रखकर धर्म, मर्यादा और जीवन जीने का सही मार्ग दिखाया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि महर्षि वाल्मीकि अपने शुरुआती जीवन में एक खूंखार डाकू रत्नाकर थे, जो यात्रियों को लूटते और उनकी हत्या तक कर देते थे? आखिर ऐसा कौन सा चमत्कार हुआ कि एक क्रूर डाकू रत्नाकर आदिकवि महर्षि वाल्मीकि बन गया? आइए जानते हैं इस अलौकिक रूपांतरण की कहानी।

परिवार के पालन-पोषण के लिए बन बैठे थे डाकू

पौराणिक कथाओं के अनुसार, महर्षि वाल्मीकि जी के बचपन का नाम रत्नाकर था। वे अपने शुरुआती जीवन में कोई संत या कवि नहीं थे। उनका जन्म एक गरीब परिवार में हुआ था और जीवन यापन करना उनके लिए संघर्ष से भरा हुआ था। बड़े होने पर परिवार का पालन-पोषण करने के लिए वे डाकू बन गए। जंगल से गुजरने वाले बेकसूर राहगीरों को लूटना और हिंसा करना उनका पेशा बन गया। उस समय उन्हें इस बात का बिल्कुल अहसास नहीं था कि वे धीरे-धीरे महा-पाप के दलदल में धंसते जा रहे हैं। उन्हें लगता था कि वे ये सब अपने परिवार के लिए कर रहे हैं जो कि सही है।

Image Source : india tvनारद मुनि के एक सवाल ने बदल दी डाकू रत्नाकर की किस्मत

फिर नारद मुनि के एक सवाल ने बदल दी उनकी जिंदगी

डाकू रत्नाकर के जीवन में नया मोड़ तब आया, जब उनकी भेंट देवर्षि नारद मुनि से हुई। हमेशा की तरह रत्नाकर उन्हें भी लूटने के लिए आगे बढ़े। लेकिन नारद जी थोड़ा सा भी भयभीत नहीं हुए। बल्कि उन्होंने शांत स्वर में डाकू रत्नाकर से एक ऐसा सवाल पूछा, जिसने उनकी दुनिया बदल दी। नारद जी ने सवाल किया कि जिस प्रकार उसका परिवार उसके पापों से कमाए धन का लाभ लेता है, क्या वे उसके पापों का भी भार उठाएगा? रत्नाकर को पूरा विश्वास था कि उसका परिवार ऐसा करेगा। लेकिन जब उसने घर जाकर अपनी पत्नी और माता-पिता से यह सवाल पूछा तो सभी ने एक झटके में साफ इनकार कर दिया। परिवार वालों ने कहा कि हमारा भरण-पोषण करना तुम्‍हारा कर्तव्‍य है। हमने तो तुम्‍हे पाप करने को नहीं कहा था तो इस पाप को तुमको ही भोगना पडेगा। हम इस पाप का आधा फल क्‍यों भोगें।

अपनों का यह जवाब सुनकर रत्नाकर को बहुत दुख हुआ। वैराग्य और पश्चाताप की अग्नि में जलते हुए रत्नाकर वापस नारद मुनि के पास आए और उन्होंने अपने पापों से मुक्ति का मार्ग पूछा। तब नारद मुनि ने उन्हें भगवान राम का नाम जपने की सलाह दी।

जब 'मरा-मरा' बन गया 'राम-राम'

रत्नाकर पर पाप का बोझ इतना ज्यादा बढ़ गया था कि उनके मुख से राम नाम सही से नहीं निकल पा रहा था। तब देवर्षि नारद जी ने उन्हें सुझाव दिया कि यदि वे सीधा राम नहीं कह सकते, तो वे मरा-मरा का जाप करें। रत्नाकर ने नारद मुनि की बात मानकर पूरी निष्ठा से मरा-मरा कहना शुरू कर दिया। वे इसमें इतने लीन हो गए कि उन्हें अपनी सुध-बुध ही नहीं रही और लगातार मरा-मरा बोलते-बोलते वह अपने आप राम-राम कहने लगे। वर्षों चले इस जप और तप ने उनके सभी पाप नष्ट कर दिए।

Image Source : india tv'वाल्मीकि' नाम मिलने का रहस्य

वर्षों के तप के बाद मिला वाल्मीकि नाम

राम नाम की धुन में वे ऐसे मग्न हो गए कि एक ही स्थान पर अचल बैठकर वर्षों तपस्या की और उनके शरीर पर दीमकों ने अपना घर (बांबी) बना लिया। जब उनकी तपस्या पूर्ण हुई तो वे दीमकों की बांबी को हटाकर बाहर निकले। संस्कृत में बांबी को वाल्मीकि कहा जाता है। इसी कारण से तब संतों और देवताओं ने उसे वाल्मीकि नाम दिया। जिसका अर्थ है बांबी से प्रकट होने वाला।

यह भी पढ़ें:

29 अक्टूबर को शुक्र का उदय: इन 3 राशियों का होगा भाग्योदय, करियर में बंपर लाभ मिलने के योग