कई बार ऐसा होता है कि व्यक्ति दिन-रात मेहनत करता है, उसकी कमाई भी मोटी होती है, लेकिन महीने के अंत तक उसकी जेब बिल्कुल खाली हो जाती है। लाख कोशिशों के बाद भी हाथ में पैसा नहीं टिकता और बैंक अकाउंट धीरे-धीरे खाली होने लगता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, इसका एक बड़ा कारण हमारे पर्स या वॉलेट में छिपे वास्तु दोष हो सकते हैं। जाने-अनजाने में हम अपने पर्स में कुछ ऐसी चीजें रख लेते हैं जो दरिद्रता, कंगाली और नकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करती हैं। ऐसे में धन का आगमन रुक जाता है और पैसों से जुड़ी दिक्कतें आने लगती हैं। तो अगर आप भी आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं या पैसा नहीं टिक रहा है तो अपने पर्स से तुरंत इन चीजों को बाहर निकाल कर फेंक दें।
आज ही पर्स से हटा दें ये चीजें
-
कटे-फटे नोट और सिक्के: अगर आप भी पर्स में कटे-फटे पैसों का नोट रखते हैं तो उसे हटा दें। ऐसे नोट पर्स में रखने से नकारात्मक ऊर्जा पैदा होती है। इसके साथ ही धन का आगमन भी रुक जाता है। वहीं अगर आप अपने पर्स में ऐसे ही सिक्के रख देते हैं तो ये आदत भी बदल लीजिए। सिक्कों को बेतरतीब ढंग से बिखेर कर रखने से धन का अपमान होता है। सिक्कों को पर्स के अलग वाले हिस्से में ही रखें।
-
पुराने बिल, रसीदें और कागज: हम में से बहुत से लोगों की आदत होती है कि वो अपने पर्स में पुराने बिल और कागज के टुकड़े जमा कर के रखते हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार, पर्स में पुराने कागज रखना अशुभ माना जाता है। इन सब चीजों की वजह से बेवजह के खर्चे बढ़ते हैं और कमाया हुआ धन दवाइयों या अन्य नुकसानों में बह जाता है। आपका बैंक अकाउंट धीरे-धीरे खाली हो सकता है।
-
मृत पूर्वजों या देवी-देवताओं की तस्वीरें: मृत पूर्वजों की तस्वीरें पर्स में नहीं रखना चाहिए। पूर्वजों की तस्वीरें घर के दक्षिण दिशा में लगाना चाहिए। पर्स में पूर्वजों की तस्वीरे रखने से धन की हानि होती है और कर्ज का बोझ भी बढ़ता है। इसके साथ ही देवी-देवताओं की खंडित और उग्र रूप वाली तस्वीरें भी नहीं रखने चाहिए।
धन प्राप्ति के लिए पर्स में क्या रखना चाहिए?
- पर्स में मां लक्ष्मी की बैठी हुई मुद्रा वाली छोटी तस्वीर या कुबेर यंत्र रख सकते हैं। इससे आपके धन में बरकत होगी।
- पर्स में थोड़े से अक्षत को एक कागज में लपेटकर रखें। ऐसा करने से आपका पर्स हमेशा पैसों से भरा रहेगा। साथ ही फिजूलखर्ची भी रुक जाएगी।
- वास्तु के अनुसार, एक छोटे से लाल कागज पर अपनी कोई अधूरी इच्छा लिखकर उसे रेशमी धागे से बांधकर पर्स में रख लें। इससे आपकी वह इच्छा जल्द पूरी हो सकती है।
- सप्ताह में एक बार अपने पर्स की सफाई जरूर करें और अनावश्यक कागज, बिल आदि चीजों को हटा दें। पर्स जितना साफ और व्यवस्थित रहेगा धन का आगमन उतनी तेजी से होगा।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें:
सपने में हॉस्पिटल या खुद को बीमार देखना देता है क्या संकेत? स्वप्न शास्त्र में बताया है इसका मतलब