A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: अपने पहले खिताब के लिए आज भिड़ेंगे बैंगलोर-हैदराबाद

IPL: अपने पहले खिताब के लिए आज भिड़ेंगे बैंगलोर-हैदराबाद

पिछले दो महीने से चल रहा, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण को अपना विजेता आज मिल जाएगा। हालांकि, सबसे खास बात यह है कि इस बार टीम का विजेता एक दम नया होगा।

bhuvneshwar kumar

रविवार को होने वाला फाइनल इस आईपीएल के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आक्रमण और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी आक्रमण के बीच होने वाला मुकाबला है।

हैदराबाद के पास भुवनेश्वर कुमार, मुस्ताफिजुर रहमान और बरेंदर सरन की तिकड़ी है, जिसने अपनी कसी हुई गेंदबाजी के कारण बल्लेबाजों के लिए रन बनाना मुश्किल कर दिया है तो साथ ही विकेट लेने में भी अहम भूमिका निभाई है।

चोटिल आशीष नेहरा की गैरमौजूदगी में इन तीनों ने टीम की गेंदबाजी को बखूबी संभाला है। भुवनेश्वर ने अभी तक 23 विकेट अपने नाम किए और वह इस सत्र में गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं। रहमान के नाम 16 विकेट हैं।

वहीं, बैंगलोर के लिए उसकी गेंदबाजी ही अब तक कमजोर कड़ी थी, लेकिन पिछले कुछ मैचों में वाटसन और युजवेंद्र चहल ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है उससे कप्तान कोहली को राहत मिली है। दोनों ही गेंदबाजों के नाम अब तक 20-20 विकेट हैं। इंग्लैंड के क्रिस जोर्डन ने भी इनका साथ दिया है और अंतिम ओवरों में टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

हैदराबाद की बल्लेबाजी कप्तान वॉर्नर के जिम्मे होगी। दूसरे क्वालीफायर मैच में उन्होंने नाबाद 93 रनों की पारी खेल टीम को फाइनल का टिकट दिलवाया। वह इस सत्र में रन बनाने के मामले में कोहली के बाद दूसरे स्थान पर हैं।

वॉर्नर के अलावा उनेक सलामी जोड़ीदार शिखर धवन ने उनका अच्छा साथ दिया है। धवन ने इस आईपीएल में 473 रन बनाए हैं। टीम के मध्यक्रम की जिम्मेदारी युवराज सिंह, मोइसिस हेनरिक्स, केन विलियमसन, दीपक हुड्डा, नमन ओझा के जिम्मे है। इन सभी ने टीम को कभी निराश नहीं किया है।

Latest Cricket News