A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कोलंबो वनडे: श्रीलंका ने बांग्लादेश को हराकर सीरीज ड्रॉ कराई

कोलंबो वनडे: श्रीलंका ने बांग्लादेश को हराकर सीरीज ड्रॉ कराई

नुवान कुलशेकरा की घातक गेंदबाजी और तिसारा परेरा के ऑलराउंड खेल से श्रीलंका ने शनिवार को तीसरे और अंतिम वनडे में बांग्लादेश को 70 रन से हराकर 3 मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कराई।

Nuwan Kulasekara | AP Photo- India TV Hindi
Nuwan Kulasekara | AP Photo

कोलंबो: नुवान कुलशेकरा की घातक गेंदबाजी और तिसारा परेरा के ऑलराउंड खेल से श्रीलंका ने शनिवार को तीसरे और अंतिम वनडे में बांग्लादेश को 70 रन से हराकर 3 मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कराई। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद 9 विकेट पर 280 रन बनाए और इसके बाद बांग्लादेश को 44.3 ओवर में 210 रन पर ढेर कर दिया। बांग्लादेश ने दाम्बुला में पहला वनडे 90 रन से जीता था जबकि बारिश के कारण दूसरे मैच का परिणाम नहीं निकल पाया था। 

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा ने टॉस जीतकर श्रीलंका को बल्लेबाजी का न्योता दिया जिसके बाद कुशाल मेंडिस शीर्ष स्कोरर रहे। उन्होंने 54 रन की पारी खेली जबकि तिसारा परेरा ने 40 गेंद में 52 रन जोड़े। बांग्लादेश की टीम शुरू में ही लड़खड़ा गई। उसके शीर्ष क्रम के 7 बल्लेबाजों में से पांच बल्लेबाज दोहरे अंक में नहीं पहुंच पाए। शाकिब अल हसन (54) और मेहदी हसन (51) ने अर्धशतक जमाए जबकि सौम्य सरकार ने 38 रन का योगदान दिया। कुलशेकरा श्रीलंका के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 37 रन देकर 4 विकेट लिए। सुरंगा लखमल और परेरा ने 2-2 विकेट हासिल किए। परेरा को उनके ऑलराउंड खेल के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इन्हें भी पढ़ें:

श्रीलंका जब पहले बल्लेबाजी के लिए उतरा तो सलामी बल्लेबाज धनुष्का गुणतिलक (34) और उपुल थरंगा (35) ने शुरू में अच्छे शॉट लगाते हुए पहले विकेट के लिए 76 रन की भागीदारी निभाई। स्पिनर मेहदी हसन ने गुणतिलक को आउट करके यह साझेदारी तोड़ी। तास्किन अहमद ने श्रीलंकाई कप्तान उपुल थरंगा को पवेलियन भेजा। मेंडिस ने दिनेश चांदीमल के साथ पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन लगातार 2 खिलाड़ियों के रन आउट होने से उनकी मुश्किल बढ़ गई। चांदीमल 21 और मिलिंडा सिरीवरदाना 12 रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश ने लगातार अंतराल पर विकेट निकाले लेकिन परेरा ने सीरीज में दूसरा अर्धशतक जमाकर टीम को संभाला। मुर्तजा ने 65 पर 3 जबकि मुस्तफिजुर रहमान ने 55 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

Latest Cricket News