वर्तमान समय में वनडे और टी20 क्रिकेट की बात करें तो रोहित शर्मा जब मैच की शुरुआत में बल्लेबाजी करने आते हैं तो ऐसा लगता है जैसे कि क्रिकेट मैच में शॉट मारना सबसे आसन काम है। उनके शॉट मारने की कला और तकनीक इतनी शानदार है कि लोग विराट कोहली से ज्यादा रोहित को बल्लेबाजी करते देखना चाहते हैं। यही कारण है कि रोहित ने वनडे क्रिकेट में ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है जो आज तक किसी के नाम नहीं है।
लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में रोहित शर्मा के नाम तीन दोहरे शतक हैं और ऐसा करने वाले वो दुनिया के एकलौते बल्लेबाज हैं। अपने करियर के शुरूआती दिनों में वो ज्यादातर निचले मध्यक्रम या फिर मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते थे लेकिन टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें ओपनिंग करने को कहा जिसके बाद से इस बल्लेबाज ने क्रिकेट की दुनिया में एक अलग मुकाम हासिल कर लिया है।
ऐसे में रोहित ने अपनी बल्लेबाजी के द्वारा पहले दोहरे शतक को याद करते हुए कहा कि अगर धोनी उन्हें सलाह नहीं देते तो वो कभी भी वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक नहीं मार पाते। रोहित शर्मा ने आर अश्विन से इंस्टाग्राम पर चैट के दौरान अपने पहले दोहरे शतक को याद किया और कहा कि इसमें धोनी की भी बड़ी भूमिका रही थी। रोहित ने कहा, "किस तरह से धोनी ने उन्हें जोर देकर कहा था कि उन्हें पारी के अंत तक टिके रहना है और दोहरा शतक बनाने का जो मौका मिला है उस मौके का पूरा फायदा उठाना चाहिए।"
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मैच में उन्होंने शिखर धवन और सुरेश रैना के साथ अच्छी साझेदारी की थी, लेकिन 38 गेंदों पर धोनी के साथ उन्होंने 62 रन की साझेदारी की जो सबसे अहम साबित हुआ।
ये भी पढ़ें - वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को इंग्लैंड दौरे पर जाने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा : होल्डर
रोहित शर्मा ने कहा, "मैंने सच में ये कभी नहीं सोचा था कि वनडे में कभी दोहरा शतक लगा पाउंगा। मैं अच्छी बल्लेबाजी करना चाहता था और इसके बाद थोड़ी सी बारिश हो गई। जब खेल शुरू हुआ तो शिखर और विराट जल्दी ही आउट हो गए। इसके बाद सुरेश रैना के साथ मैंने अच्छी साझेदारी की। रैना जब आउट हुए तो युवी आए और वो भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए।'
इसके बाद रोहित ने कहा, "इस मैच में मैंने धोनी के साथ 48वें ओवर तक बल्लेबाजी की और इस दौरान वो मुझे प्रेरित करते रहे। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं रिस्क लूंगा, लेकिन तुम सेट बल्लेबाज हो और मैं चाहता हूं कि तुम पूरे 50 ओवर तक खेलो। उन्होंने ना सिर्फ मुझे प्रेरित किया बल्कि इस बड़ी पारी को पूरा करने में सहयोग भी किया।"
ये भी पढ़ें - रोहित शर्मा ने बताया कैसे उन्हें मिला आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने का मौका
Latest Cricket News