ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ ने 2001 में यादगार कोलकता टेस्ट मैच को लेकर अब राज़ खोला है। इस टेस्ट में स्टीव ने भारत को फ़ॉलोऑन दिया था और ऑस्ट्रेलिया ये मैच हार गया था।
वॉ का कहना है कि उन्हें अपने फ़ैसले पर कभी भी अफ़सोस नहीं हुआ। उनका कहना है कि 16 साल पहले उनकी टीम हार गई थी लेकिन उस फ़ैसले ने भविष्य में भारत का दौरा करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को बता दिया कि भारत में कैसे खेलना है।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे सफल कप्तान स्टीव वॉ खेल के इतिहास में उन तीन कप्तानों में से हैं जो फ़ॉलोऑन देने के बाद मैच हार गए।
cricket.com.au के अनुसार भारत ये सिरीज़ 2-1 से जीता था और स्टी वॉ का शानदार करिअर हार के साथ समाप्त हुआ था लेकिन उन्हें अपने फ़ैसले पर कोई अफ़सोस नही है। "लोगों ने बहुत कुछ कहा है लेकिन मैं न तो इसे लेकर कभी परेशान हुआ और न ही इसके बारे में सोचा। यह पूछे जाने पर कि भारत में टेस्ट सिरीज़ न जीतने का उन्हें मलाल है, वॉ ने कहा, "मेरा इस बात पर अटूट विश्वास है कि खेल में कोई जीतता है, कोई हारता है। अगर आप अपना बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं तो आगे बढ़ना चाहिये। मैं उन लोगों को कभी भी समझ नहीं पाया जो खेल में हार पर रोते हैं। जूनियर स्तर के खेल में मैं ये मानसिकता अभी भी देखता हूं और कहता हूं जाने दो, ये सिर्फ़ एक खेल है।'
Latest Cricket News