जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने टी20 वर्ल्ड कप में रच दिया नया इतिहास, 10वें विकेट के लिए की रिकॉर्ड साझेदारी
वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 में एक हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिला। इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने एक बड़ी जीत दर्ज की।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ जिम्बाब्वे को 107 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। जिम्बाब्वे की टीम भले ही ये मैच हार गई हो लेकिन उनके नंबर 10 और 11 के बल्लेबाजों ने 10वें विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी करके नया रिकॉर्ड बना दिया है। यह टी20 वर्ल्ड कप में 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप में आखिरी विकेट के लिए इतनी बड़ी साझेदारी कभी नहीं हुई थी।
रिचर्ड नगरावा और ब्रैड इवांस के बीच हुई रिकॉर्ड साझेदारी
जिम्बाब्वे के रिचर्ड नगरावा और ब्रैड इवांस ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में 10वें विकेट के लिए 19 बॉल में 44 रन जोड़े। इस साझेदारी में ब्रैड इवांस का योगदान सबसे अहम रहा। उन्होंने 21 बॉल में दो चौके और पांच छक्के की मदद से 43 रन बनाए। इसके साथ ही इन दोनों बल्लेबाजों ने टी20 वर्ल्ड कप में 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी के मामले में वेस्टइंडीज के गुडाकेश मोती और शेरफेन रदरफोर्ड का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन दोनों के बीच टी20 वर्ल्ड कप में 37 रन की साझेदारी हुई थी। लेकिन उनका ये रिकॉर्ड इस मैच में जिम्बाब्वे के बल्लेबाज ने तोड़ दिया।
वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रन से हराया
वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में 107 रनों से करारी शिकस्त दी। शिमरन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल की धमाकेदार पारियों की बदौलत वेस्टइंडीज ने छह विकेट पर 254 रन बनाए जो टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। हेटमायर और पॉवेल के बीच शतकीय साझेदारी भी हुई। 255 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 147 रन ही बना सकी। जिम्बाब्वे की वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी हार में से एक है।
वेस्टइंडीज को मिली टी20 इंटरनेशनल की दूसरी सबसे बड़ी जीत
वेस्टइंडीज के लिए यह टी20 इंटरनेशनल में दूसरी सबसे बड़ी जीत है। वेस्टइंडीज ने टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी जीत टी20 वर्ल्ड कप 2024 में युगांडा के खिलाफ आई थी। उन्होंने उस मैच में 134 रनों से जीत दर्ज की थी। इसके बाद इस मैच में उन्होंने जिम्बाब्वे को 107 रनों से हराया था। वेस्टइंडीज के लिए तीसरी सबसे बड़ी जीत अफगानिस्तान के खिलाफ 2024 में आई थी, इस मैच में उन्होंने 104 रनों से जीत दर्ज की थी।
यह भी पढ़ें
भारत के लिए आसान हुई सेमीफाइनल में एंट्री, जिम्बाब्वे को बुरी तरह पीटकर वेस्टइंडीज ने बना दिया काम
