1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को पीट पीटकर तोड़ा टीम इंडिया का कीर्तिमान, 12 साल पुराने नीदरलैंड्स के रिकॉर्ड की बराबरी

वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को पीट पीटकर तोड़ा टीम इंडिया का कीर्तिमान, 12 साल पुराने नीदरलैंड्स के रिकॉर्ड की बराबरी

 Published : Feb 23, 2026 09:34 pm IST,  Updated : Feb 23, 2026 09:34 pm IST

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की बहुत ही बेरहमी से पिटाई की। ये मैच दोनों टीमों के लिए हमेशा के लिए यादगार हो गया। टी20 विश्व कप 2026 में ये सुपर 8 का मैच है।

west indies cricket team- India TV Hindi
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम Image Source : AP

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने सोमवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऐसी चौके और छक्कों की बारिश की, जिसे जिसने भी बस देखता ही रह गया। वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जिस बेरहमी से पिटाई की, वो कम ही देखने को मिलता है। टीम ने 20 ओवर में 254 रन ठोक दिए। इसके साथ ही वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया के जहां एक रिकॉर्ड तो ध्वस्त कर दिया, वहीं नीदरलैंड के करीब 12 साल पुराने कीर्तिमान की भी बराबरी कर ली। 

अकेले शिमरन हेटमायर ने ही ठोक दिए सात छक्के

टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 में जब जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला लिया तो उन्हें कतई अंदाजा नहीं होगा कि आने वाले दो से ढाई घंटे तक क्या होने वाला है। टीम के सलामी बल्लेबाज ब्रेंडन किंग और कप्तान शे होप भले सस्ते में आउट हो गए हों, लेकिन इसके बाद जो भी आया, चौके और छक्कों की बरसात करता चला गया। खास तौर पर शिमरन हेटमायर ने तो धागे की खोल दिए। हेटमायर ने केवल 34 बॉल पर 85 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेल दी। उन्होंने सात चौके और सात छक्के ठोके। 

वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने लगा दी छक्कों की झड़ी

रॉवमैन पॉवेल ने 35 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में 59 रन बना दिए। उनके बल्ले से चार चौके और चार चौके आए। शेफरेन रदरफोर्ड ने 13 बॉल पर 31 रन बनाने काम किया। उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए। रोमारियो शेफर्ड ने 10 बॉल पर 21 रन बनाए। उन्होंने एक भी चौका नहीं लगाया, लेकिन तीन छक्के ठोक दिए। जेसन होल्डर ने 4 बॉल पर 13 रन बनाए, इसमें दो छक्के शामिल रहे। टीम ने कुल मिलाकर पारी के दौरान 19 छक्के लगा दिए। इससे पहले टी20 विश्व कप की एक पारी में केवल एक ही बार इतने छक्के लगे हैं। साल 2014 के टी20 विश्व कप में नीदरलैंड्स की टीम ने आयरलैंड के खिलाफ 19 छक्के लगाए ​थे। अब वेस्टइंडीज ने उसी रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। एक छक्का और लगता तो नया कीर्तिमान बन जाता।

जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में अब वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा स्कोर

इस बीच वेस्टइंडीज की टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पूरे 20 ओवर खेलकर 254 रन बना दिए। जो इस साल के विश्व कप का सबसे बड़ा स्कोर है। हालांकि टीम के पास मौका था कि वे टी20 विश्व कप के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाएं, लेकिन ये भी काम नहीं हो पाया। साल 2007 में श्रीलंका ने कीनिया के खिलाफ 260 रन ठोके थे, जो अब तक कायम है। अगर टीम सात रन और बना लेती तो ये भी इतिहास बन जाता। इस बीच वेस्टइंडीज ने भारतीय टीम का रिकॉर्ड जरूर चकनाचूर कर दिया। टीम इंडिया ने साल 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल का सबसे बड़ा स्कोर बनाया था, जो 234 का था, लेकिन अब वेस्टइंडीज इस मामले में भारत से आगे निकल गया है। 

यह भी पढ़ें 

ICC T20 WC 2026 के बीच कैसी है आईसीसी की टीम रैंकिंग, ये हैं टॉप 5 टीमें

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के शेड्यूल का ऐलान, सितंबर से अक्टूबर तक खेले जाएंगे 6 मुकाबले

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल