साउथ अफ्रीका की टीम ने इस साल के टी20 विश्व कप में कमाल का प्रदर्शन किया है। टीम ने पहले अपने लीग के सारे मैच जीतकर सुपर 8 में एंट्री की और इसके बाद सुपर 8 के पहले ही मैच में टीम इंडिया को हराकर सेमीफाइनल की ओर भी एक कदम बढ़ा दिया है। अभी तो टीम की नजर इस खिताब पर होगी, लेकिन सितंबर से लेकर अक्टूबर तक ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका के दौरे पर जाएगी, इसके शेड्यूल का ऐलान कर दिया गया है।
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम इसी साल सितंबर से लेकर अक्टूबर तक साउथ अफ्रीका का एक लंबा दौरा करेगी। इसमें पहले तीन वनडे मैच खेले जाएंगे और इसके बाद तीन टेस्ट मैचों की सीरीज होगी, जो विश्व कप टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाएगी। बड़ी और अहम बात ये है कि सेंड पेपर मामले के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलियाई टीम साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी। वनडे सीरीज का आगाज 24 सितंबर से होगा। इसके बाद 27 सितंबर को दूसरा मैच खेला जाएगा। 30 सितंबर को तीसरा और आखिरी वनडे मैच खेला जाएगा। ये वनडे सीरीज काफी अहम है। अगले साल यानी 2027 में वनडे विश्व कप होना है, उसकी तैयारी दोनों टीमें करती हुई नजर आएंगी।
इसके बाद होगा टेस्ट सीरीज का आगाज। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप का पहला मुकाबला 9 से 13 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा। इसेक बाद दूसरा टेस्ट मुकाबला 18द से 22 अक्टूबर तक होगा। सीरीज का तीसरा मैच 27 से शुरू होकर 31 अक्टूबर तक चलेगा। आपको याद होगा कि साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था। यानी अभी की चैंपियन टीम साउथ अफ्रीका ही है। इस बार दोनों में से कौन सी टीम डब्ल्यूटीसी का फाइनल खेलेगी, इसका फैसला काफी हद तक इस सीरीज के दौरान हो जाएगा।
सीरीज अभी दूर है, लेकिन इसमें काफी रोमांच रहेगा, ये तो पक्का है। इस बीच साउथ अफ्रीका का पूरा फोकस इस वक्त टी20 विश्व कप पर है, जहां टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश कर रही है। देखना होगा कि एडन मारक्रम की कप्तानी में टीम कैसा प्रदर्शन करती है। साल 2024 के टी20 विश्व कप में टीम फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन वहां भारत ने उसे पीटकर खिताब जीत लिया था।
यह भी पढ़ें
टीम इंडिया का उपकप्तान ही प्लेइंग इलेवन से बाहर, आखिर ये चल क्या रहा है?
वरुण चक्रवर्ती ने पहले लुटाए रन फिर एक विकेट लेकर किया कमाल, तोड़ा अर्शदीप का रिकॉर्ड
संपादक की पसंद