1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया का उपकप्तान ही प्लेइंग इलेवन से बाहर, आखिर ये चल क्या रहा है?

टीम इंडिया का उपकप्तान ही प्लेइंग इलेवन से बाहर, आखिर ये चल क्या रहा है?

 Published : Feb 23, 2026 04:35 pm IST,  Updated : Feb 23, 2026 04:42 pm IST

टीम इंडिया को टी20 विश्व कप 2026 में पहली हार मिली है, इसके बाद प्लेइंग इलेवन को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। आखिर क्या वजह है कि अच्छा खेल दिखाने के बावजूद उपकप्तान बाहर बैठे हुए हैं।

axar patel and team india- India TV Hindi
अक्षर पटेल और टीम इंडिया Image Source : AP

टीम इंडिया में इस वक्त क्या चल रहा है, ये किसी को समझ नहीं आ रहा है। भारतीय टीम को टी20 विश्व कप 2026 में भले ही पहली हार मिली हो, लेकिन इसने बहुत सारे सवाल खड़े कर दिए हैं। अभी टीम इंडिया को कई अहम मुकाबले खेलने हैं, उससे पहले अगर कमियों को दूर नहीं किया गया तो फिर विश्व कप जीतने की बात भूल जानी चाहिए। 

टीम इंडिया के उपकप्तान हैं अक्षर पटेल, लेकिन प्लेइंग इलेवन से हो गए बाहर

ऐसा बहुत कम होता है कि जब किसी टीम की प्लेइंग इलेवन में टीम के उपकप्तान को ही बाहर बिठा दिया गया हो। जब टीम का सेलेक्शन किया जाता है, तब सेलेक्टर्स इस बात का ख्याल रखते हैं कि कप्तान और उपकप्तान उस खिलाड़ी को बनाया जाए जो अच्छा खेल रहा  हो और प्लेइंग इलवेन में जगह बनाने के बारे में ज्यादा सोचना ना पड़े। टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के पास है और टीम के उपकप्तान अक्षर पटेल हैं। लेकिन भारतीय टीम जब सुपर 8 के मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलने उतरी तो पता चला कि अक्षर पटेल को ही प्लेइंग इलेवन से बहार कर दिया गया। जबकि अक्षर पटेल चोटिल नहीं थे। 

पहले तीन मैचों मे छह विकेट लेकर भी पिछले मुकाबलों से बाहर बैठे हैं अक्षर

भारतीय टीम ने इस साल के विश्व कप में कुल मिलाकर पांच मैच अब तक खेल लिए हैं, लेकिन अक्षर को उसमें से केवल तीन ही खेलने का मौका मिला। यूएसए के खिलाफ अक्षर ने 24 रन देकर दो विकेट लिए। इसके बाद नामीबिया के खिलाफ मैच में उन्होंने 20 रन देकर फिर से दो विकेट लिए। पाकिस्तान के खिलाफ भी अक्षर ने दो विकेट चटकाए और इसके लिए 29 रन खर्च किए। लेकिन जब आखिरी लीग मैच में टीम नीदरलैंड्स के खिलाफ उतरी तो उसकी प्लेइंग इलेवन से उनका नाम गायब हो गया। उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया। तीन मैचों में छह विकेट लेकर भी उनका बाहर होना समझ से परे है। 

वॉशिंगटन सुंदर को दो मैचों में नहीं मिला एक भी विकेट

अब जरा वॉशिंगटन सुंदर के भी आंकड़े देख लीजिए, जिन्हें अक्षर की जगह मौका दिया गया। नीदरलैंड्स के खिलाफ सुंदर ने 36 रन खर्च किए, लेकिन सफलता एक भी नहीं मिली। इसके बाद जब वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ उतरे तो उन्होंने 17 रन दिए और यहां भी वे कोई वि​केट नहीं ले पाए। ये रन उन्होंने केवल दो ओवर में दे दिए, ये बात ध्यान रखिएगा। यानी वे दो मैच खेलकर भी कोई विकेट हासिल नहीं कर पाए और तीन मैच खेलकर छह विकेट लेने वाला गेंदबाज बाहर बैठा रहा। 

अब जिम्बाब्वे से होगा टीम इंडिया का मुकाबला

अब देखना होगा कि अगले मैच में जब भारतीय टीम उतरेगी तो टीम मैनेजमेंट अक्षर पटेल को मौका देता है, जो टीम के उपकप्तान भी हैं, या फिर सुंदर को फिर से ​टीम में रखा जाता है, जो दो मैचों में बुरी तरह से नाकाम रहे हैं। भारतीय टीम का अगला मुकाबला 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ होगा। इस मैच को टीम इंडिया जरूर जीतना चाहेगी, ताकि सेमीफाइनल में जाने की उम्मीद बनी रहे।

यह भी पढ़ें 

वरुण चक्रवर्ती ने पहले लुटाए रन फिर एक विकेट लेकर किया कमाल, तोड़ा अर्शदीप का रिकॉर्ड

टीम इंडिया के सामने बड़ी टेंशन, जिम्बाब्वे में एक ऐसा धुरंधर बल्लेबाज जो आउट होने का नाम ही नहीं लेता

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल