1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वरुण चक्रवर्ती ने पहले लुटाए रन फिर एक विकेट लेकर किया कमाल, तोड़ा अर्शदीप का रिकॉर्ड

वरुण चक्रवर्ती ने पहले लुटाए रन फिर एक विकेट लेकर किया कमाल, तोड़ा अर्शदीप का रिकॉर्ड

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Feb 23, 2026 03:49 pm IST,  Updated : Feb 23, 2026 03:52 pm IST

Varun Chakravarthy: टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती लगातार 18 पारियों में कम से कम एक विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने अर्शदीप सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा है।

Varun Chakravarthy- India TV Hindi
वरुण चक्रवर्ती Image Source : AP

Varun Chakravarthy: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया को सुपर-8 मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रनों हराया। इस मैच में टीम इंडिया के गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए, खासकर मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 47 रन खर्च करते हुए एक विकेट लिया। इस एक विकेट के साथ ही चक्रवर्ती ने अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है।

वरुण चक्रवर्ती ने तोड़ा अर्शदीप सिंह का रिकॉर्ड

वरुण चक्रवर्ती लगातार 18 पारियों में भारत के लिए कम से कम एक विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को पीछे छोड़ दिया है। अर्शदीप सिंह ने ये कारनामा 2024-25 में किया था। उन्होंने 17 पारियों में एक या उससे अधिक विकेट चटकाए थे। वहीं वरुण चक्रवर्ती ने 2025-26 के बीच अब तक लगातार 18 पारियों में एक या उससे अधिक विकेट लिए हैं। लिस्ट में तीसरे नंबर पर पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा का नाम है, जिन्होंने 2016 में 13 पारियों में एक या उससे अधिक विकेट लिए थे। वॉशिंगटन सुंदर ने 2024-25 में 11 बार ये कारनामा किया था। वरुण चक्रवर्ती का नाम इस लिस्ट में एक और बार शामिल है। उन्होंने 2024-25 में लगातार 11 पारियों में एक या उससे अधिक विकेट चटकाए थे।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कैसा रहा है वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन शानदार रहा है। इस टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले उन्होंने लगातार सभी मैचों में किफायती गेंदबाजी की थी। जारी वर्ल्ड कप में उन्होंने अभी तक पांच मैच खेले हैं और 10 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट प्रदर्शन 7 रन देकर 3 विकेट का रहा है। ये बॉलिंग उन्होंने नामीबिया के खिलाफ मैच में की थी। अब वह बचे हुए सुपर-8 मैच में अच्छी गेंदबाजी करके टीम इंडिया को जीत दिलाना चाहेंगे।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए मैच का हाल

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए मैच की बात करें तो वहां डेविड मिलर के 63 और डेवाल्ड ब्रेविस के 45 रनों की बदौलत अफ्रीकी टीम ने भारत के सामने 187 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। ट्रिस्टन स्टब्स ने भी 24 गेंद में तीन छक्कों और एक चौके से नाबाद 44 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन पर तीन विकेट चटकाए जबकि अर्शदीप सिंह ने 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए। इसके जवाब में भारतीय टीम अफ्रीका की धारदार गेंदबाजी के सामने 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। साउथ अफ्रीका के लिए मार्को जेनसेन ने चार विकेट लिये। वहीं केशव महाराज को तीन विकेट मिले।

यह भी पढ़ें

टीम इंडिया के सामने बड़ी टेंशन, जिम्बाब्वे में एक ऐसा धुरंधर बल्लेबाज जो आउट होने का नाम ही नहीं लेता

ENG vs PAK: लंका में इंग्लैंड और पाकिस्तान होंगे आमने-सामने, कब, कहां और कैसे देखें LIVE

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल