Highlights
- वाराणसी में असलहा तस्करों की दबिश के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं।
- घायल सिपाही अमित शुक्ला के पेट, पीठ और हाथ में तीन गोलियां लगीं।
- लोटूबीर मंदिर के पास मुठभेड़ में आरोपी राज विश्वकर्मा पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार।
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुक्रवार देर शाम पुलिस टीम पर फायरिंग की बड़ी घटना सामने आई। लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर स्थित आशुतोष नगर में असलहा तस्करों की सूचना पर दबिश देने पहुंची क्राइम टीम के सिपाही अमित शुक्ला पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सिपाही को पेट, पीठ और हाथ में तीन गोलियां लगीं। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
असलहा तस्करों की सूचना पर दबिश देने पहुंची थी टीम
जानकारी के मुताबिक, लंका थाने की क्राइम टीम को सुंदरपुर के आशुतोष नगर में तीन असलहा तस्करों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम वहां दबिश देने पहुंची। बताया जा रहा है कि घटना नरिया तिराहे के पास हुई। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस कमिश्नर समेत आला अधिकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे
सिपाही पर फायरिंग की सूचना मिलते ही वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। अधिकारियों ने घायल सिपाही के स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
लोटूबीर मंदिर के पास मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली
पुलिस पर फायरिंग की घटना के कुछ देर बाद ही लंका थाना क्षेत्र के लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपी राज विश्वकर्मा के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद राज विश्वकर्मा को भी इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस को आशंका है कि राज विश्वकर्मा सिपाही अमित शुक्ला पर फायरिंग करने वाली घटना में शामिल था।
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच में जुटीं
इस मामले में लंका पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपी कौन हैं और असलहा तस्करी का नेटवर्क कहां तक फैला है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई की जा रही है। (रिपोर्ट: अश्विनी त्रिपाठी)
ये भी पढ़ें: गाजियाबाद में पुलिस को बड़ी कामयाबी! मुठभेड़ में मार गिराया 1 लाख का इनामी धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी