1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद में पुलिस को बड़ी कामयाबी! मुठभेड़ में मार गिराया 1 लाख का इनामी धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी

गाजियाबाद में पुलिस को बड़ी कामयाबी! मुठभेड़ में मार गिराया 1 लाख का इनामी धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 28, 2026 07:22 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 10:27 pm IST

गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच हुए एनकाउंटर में बावरिया गैंग का कुख्यात बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी मारा गया है। इस मुठभेड़ में 3 पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गए हैं।

पुलिस एनकाउंटर में...- India TV Hindi
पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुआ बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी। Image Source : REPORTERS INPUT

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है और इसमें बावरिया गैंग का कुख्यात बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी ढेर हो गया है। इस मुठभेड़ में पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी के खिलाफ 17 मुकदमे दर्ज हैं। जानें पुलिस ने कैसे बदमाश टिड्डी को मार गिराया।

टिड्डी के साथ नहर की पटरी पर हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी उर्फ बावरिया को मार गिराया है। अमरोहा के बर्शी गांव का रहने वाला धर्मेंद्र निवाड़ी क्षेत्र में नहर की पटरी पर हुई मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ के दौरान, क्राइम ब्रांच के तीन पुलिसकर्मी विनीत, अमित और हिमांशु भी गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है।

एनकाउंटर में दोनों तरफ से हुई करीब 15  राउंड फायरिंग

जान लें कि गाजियाबाद पुलिस ने मौके से एक पिस्टल भी बरामद की है। दोनों ओर से करीब 15 राउंड फायरिंग होने की जानकारी सामने आई है। धर्मेंद्र पर गाजियाबाद के निवाड़ी और बागपत के खेकड़ा में 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह गैंग के साथ मिलकर लगातार डकैती की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

पिछले 1 साल से टिड्डी की तलाश में थी पुलिस

गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक, बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 17 मुकदमे दर्ज हैं। पिछले करीब एक साल से बागपत और गाजियाबाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इससे पहले हाल ही में गाजियाबाद में दुष्कर्म के मामले में दो वांछित आरोपियों की पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों के पास से पुलिस ने दो अवैध तमंचे भी रिकवर किए थे। एनकाउंटर में घायल होने के बाद दोनों आरोपियों को इलाज के लिए जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पुलिस को देखते ही भाग पड़े थे दोनों आरोपी

गौरतलब है कि दुष्कर्म मामले के आरोपियों को पकड़ने के लिए थाना स्तर पर टीमों का गठन किया गया था। फिर, मुखबिर और लोकल सूचना के आधार पर पुलिस की टीम रात के वक्त हिंडन बैराज के पास पुस्ता रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान, गाजियाबाद पुलिस ने वांटेड दोनों आरोपियों को देखा, जिसके बाद उनके साथ हुए एनकाउंटर में आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया था।

(इनपुट- जुबेर अख्तर)

ये भी पढ़ें- बुलंदशहर में 50 हजार का इनामी गोतस्कर में मुठभेड़, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।