उत्तर प्रदेश में गोतस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र में पुलिस और गोतस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, 50 हजार रुपये का इनामी वांछित अभियुक्त मुकीम पुलिस की सरकारी पिस्टल लेकर फरार हो गया था। पीछा करने के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
सबदलपुर और सुतारी के बीच जंगल में गौकशी की घटना हुई थी
बुलंदशहर थाना चोला क्षेत्र के ग्राम सबदलपुर और सुतारी के बीच जंगल में गौकशी की घटना हुई थी। इस मामले में थाना चोला पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई थीं। चोला पुलिस ने गांव सुतारी निवासी मुकीम पुत्र बाबू उर्फ बाबूद्दीन को गिरफ्तार किया था। मेडिकल परीक्षण के लिए दो पुलिसकर्मी उसे बाइक से अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान गैस गोदाम के पास पुलिसकर्मियों की बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस के अनुसार, इसी मौके का फायदा उठाकर मुकीम पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल लेकर फरार हो गया।
पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चोला पुलिस बल और स्वाट टीम देहात के साथ मौके पर पहुंचे और फरार अभियुक्त की तलाश शुरू की। पुलिस को गैस गोदाम के पीछे झाड़ियों में मुकीम दिखाई दिया। घेराबंदी किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से सरकारी पिस्टल, 9 जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहले 11 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
सीओ सिकंदराबाद प्रेमसुख दडिया के मुताबिक गौकशी की इस घटना में पहले ही 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, एक अभियुक्त के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। मामले में मुकीम लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बुलंदशहर से वरुण शर्मा की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
प्रेमी से शादी करने पर भाई ने बहन को मारा, पुलिस ने कब्रिस्तान से निकाला शव, आरोपी गिरफ्तार