1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कौन हैं विहान शेडगे? 'हनुमान अंश' में नीम करौली बाबा के बाल रूप में छाया 13 साल का चाइल्ड आर्टिस्ट, बदली जिंदगी

कौन हैं विहान शेडगे? 'हनुमान अंश' में नीम करौली बाबा के बाल रूप में छाया 13 साल का चाइल्ड आर्टिस्ट, बदली जिंदगी

 Written By: Priya Shukla
 Published : Sep 21, 2026 06:02 am IST,  Updated : Sep 21, 2026 06:02 am IST

'हनुमान अंश' की इन दिनों हर तरफ चर्चा है और इसके कलाकार भी काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं। फिल्म में नीम करोली बाबा के बचपन का किरदार निभाने वाले चाइल्ड आर्टिस्ट विहान शेडगे भी काफी सुर्खियों में हैं। चलिए जानते हैं विहान शेडगे के बारे में।

vihaan shedge- India TV Hindi
'हनुमान अंश' के चाइल्ड एक्टर विहान शेडगे। Image Source : INSTAGRAM/@VIHAANSHEDGE

नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी 'हनुमान अंश' इन दिनों काफी सुर्खियों में है। ये फिल्म अपनी आध्यात्मिक कहानी के लिए काफी पसंद की जा रही है और इसके कलाकार भी अपने अभिनय के लिए प्यार हासिल कर रहे हैं। फिर चाहे वो नीम करोली बाबा की भूमिका निभाने वाले शोभिनव सत्य हों या फिर नीम करोली बाबा की पत्नी रामबेटी का किरदार निभाने वालीं पूर्णिमा तिवारी। नीम करोली बाबा के युवा रूप में नजर आए चाइल्ड एक्टर की भी काफी चर्चा है। 'हनुमान अंश' में विहान शेडगे ने युवा बाबा की भूमिका निभाई है और उन्होंने जिस खूबसूरती और सादगी से उनके आध्यात्मिक सफर को पर्दे पर उतारा है, उसे देखने के बाद अब हर तरफ उनकी चर्चा हो रही है।

कौन हैं विहान शेडगे?

13 साल के विहान शेडगे 'हनुमान अंश' में नीम करोली बाबा के युवा जीवन को पर्दे पर उतारने के लिए काफी तारीफें बटोर रहे हैं, हालांकि एक्टिंग की दुनिया में वह नए नहीं हैं। विहान ने इससे पहले मराठी शोज और फिल्मों में काम किया है और मराठी सिनेमा के जाने-माने बाल कलाकारों में से एक हैं। मगर 'हनुमान अंश' के जरिए वह अब एक बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंच गए हैं। यूं तो आध्यात्मिक फिल्म में ये उनका पहला अनुभव है, लेकिन अपने अभिनय से उन्होंने अपनी एक्टिंग स्किल्स को जरूर साबित कर दिया है।

विहान शेडगे को कैसे मिली 'हनुमान अंश'?

विहान शेडगे ने हाल ही में 'बिग एफएम इंडिया' के साथ बातचीत में बताया कि उन्हें हनुमान अंश में नीम करौली बाबा के बचपन का किरदार कैसे मिला। विहान के अनुसार, फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी से उनकी पहली मुलाकात एक विज्ञापन के दौरान हुई थी। ये विज्ञापन चुनाव पर आधारित था। विशाल चतुर्वेदी को विहान का अभिनय बेहद पसंद आया और तभी उन्होंने विहान से कह दिया था कि वह जब भी अपना अगला प्रोजेक्ट शुरू करेंगे, उन्हें जरूर कास्ट करेंगे। विशाल ने अपना वादा निभाते हुए 'हनुमान अंश' में विहान को भी कास्ट किया। विहान के अनुसार, विशाल चतुर्वेदी उन्हें अपना लकी चार्म मानते हैं।

हनुमान जी के बड़े भक्त हैं विहान शेडगे

विहान शेडगे खुद को हनुमान जी का भक्त बताते हैं। वह रोज सुबह हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं और जब विशाल चतुर्वेदी ने उन्हें 'हनुमान अंश' में रोल ऑफर किया, तब उनसे यही बात कही थी कि उन्हें अपने दिमाग और दिल में ये बात हमेशा रखना है कि उन्हें राम जी सबसे प्यारे हैं। विहान ने ये भी बताया कि कैसे इस फिल्म के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने बताया कि फिल्म प्रमोशन के दौरान उनका एक क्लासमेट उन्हें मिला, जो भागते हुए उनके पास आया और कहा- 'अब तू स्टार बन गया है, अब हमारे साथ रहेगा या नहीं?' ये कहते हुए वो लड़का रोने लगा। वहीं 'हनुमान अंश' के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी अब अपने अगले प्रोजेक्ट 'राम बोला' की तैयारी में जुट गए हैं, जिसका ऐलान वह पहले ही कर चुके हैं। दूसरी तरफ फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर बागेश्वर धाम पर फिल्म बनाने की इच्छुक हैं

ये भी पढ़ेंः थिएटर से बाहर होने की कगार पर थी 'हनुमान अंश', फिर पलटी किस्मत, प्रोड्यूर बोलीं- 'लोगों को मनाने में समय लगा'

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन