1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. थिएटर से बाहर होने की कगार पर थी 'हनुमान अंश', फिर पलटी किस्मत, प्रोड्यूर बोलीं- 'लोगों को मनाने में समय लगा'

थिएटर से बाहर होने की कगार पर थी 'हनुमान अंश', फिर पलटी किस्मत, प्रोड्यूर बोलीं- 'लोगों को मनाने में समय लगा'

 Written By: Priya Shukla
 Published : Sep 19, 2026 05:46 pm IST,  Updated : Sep 19, 2026 05:46 pm IST

'हनुमान अंश' की प्रोड्यूसर ने बताया कि 'टॉक्सिक' के थिएटर में आने के बाद फिल्म की टीम काफी परेशान हो गई थी और इस सोच में डूबी थी कि उन्हें स्क्रीन मिल पाएगी या नहीं।

Hanuman Ansh- India TV Hindi
हनुमान अंश। Image Source : INSTAGRAM/@FILMERVISHAL

'हनुमान अंश' इस साल की सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्मों में से एक बन गई है। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म को रिलीज हुए 40 दिन से ज्यादा गुजर गए हैं और अब भी इसने रफ्तार पकड़ रखी है। हालांकि, शुरुआती दिनों में इस फिल्म का परफॉर्मेंस कुछ खास नहीं रहा। शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म की रफ्तार काफी कम रही। दूसरे हफ्ते तो ये 40 लाख ही कमा सकी थी, लेकिन तीसरा हफ्ता आते ही फिल्म की किस्मत भी पलट गई। हाल ही में, फिल्म की प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने बताया कि कैसे विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ये फिल्म 'टॉक्सिक' की रिलीज के बाद सिनेमाघरों से लगभग बाहर हो चुकी थी।

सिनेमाघरों से लगभग हट चुकी थी 'हनुमान अंश'- रागिनी सोना

रागिनी ने 'स्क्रीन' के साथ बातचीत में हनुमान अंश के शुरुआती हफ्तों के बारे में बात की। उन्होंने कहा- 'विशाल ()फिल्म के डायरेक्टर) फिल्म के प्रमोशन के लिए टीम के साथ रोड ट्रिप पर निकले थे। विशाल ने टीम से कहा 'हम सिनेमाघरों में लोगों के बीच होंगे। आखिरकार ये हमारा सफर है।' उनकी बात सुनकर मैं थोड़ा भावुक हो गई और मैंने कहा, 'आप ऐसा नहीं कर सकते।' उस समय हमारी फिल्म थिएटर्स से लगभग हट चुकी थी। फिर कुछ घंटे पहले ही हमने इसे जारी रखने का फैसला किया।'

तीसरे हफ्ते बदली किस्मत- रागिनी सोना

रागिनी सोना कहती हैं- 'पहला हफ्ता सामन्य ही रहा, जैसा कि हमें पहले से ही आभास था। हमने 350 थिएटर्स से शुरुआत की, लेकिन दूसरे हफ्ते दो बड़ी फिल्मों (आवारापन 2 और टॉक्सिक) की रिलीज के चलते हम 25-30 थिएटर पर आ गए। ये बहुत बड़ी गिरावट थी, लेकिन 'हनुमान अंश' का बिजनेस कम नहीं हुआ। ये ही हमारे लिए उम्मीद की इकलौती किरण थी। मगर हम सब थोड़ी उलझन में थे। ऐसे में विशाल और मैंने आगे बढ़ने का फैसला किया और अपने डिस्ट्रीब्यूटर्स को इसके बारे में बताया। वह भी हमारी बात से सहमत हो गए। हालांकि, बाकि लोगों को समझाने में थोड़ा समय लगा।  फिर अगले हफ्ते थिएटर्स बढ़े, जिसमें थोड़ा खर्चा और आया। हमने बात की कि अगर फिल्म एक हफ्ते और चलती है तो खर्च निकल आएंगे। फिल्म एक हफ्ते और चली और फिर बाकी सब तो इतिहास है।'

'टॉक्सिक' के चलते असमंजस में थे 'हनुमान अंश' के मेकर्स

रागिनी सोना ने बताया कि हमें पक्का नहीं था कि 'टॉक्सिक' के थिएटर में आने के बाद हमें स्क्रीन मिल पाएगी। हालांकि, यश की फिल्म को हर तरफ से खराब रिव्यू मिलने के बाद 'हनुमान अंश' के लिए हालात बदल गए। रागिनी ने कहा- 'हम ये कभी नहीं चाहते थे कि 'टॉक्सिक' खराब प्रदर्शन करे। हम चाहते थे कि सभी फिल्मों को प्यार मिले। सभी अच्छा प्रदर्शन करें, क्योंकि अगर 'टॉक्सिक' अच्छा परफॉर्म करती, तभी तो फिल्म इंडस्ट्री को फायदा होता। 'टॉक्सिक' वर्सेस 'हनुमान अंश' की बात लोगों ने बनाई। हमने बस ये सोचा था कि हमारी फिल्म टॉक्सिक के साथ ठीक-ठाक चलती रहेगी।' बता दें, 'हनुमान अंश' ने अब तक दुनिया भर में 316.30 करोड़ और भारत में 248.38 करोड़ (नेट) कलेक्शन कर लिया है।

ये भी पढ़ेंः 'हनुमान अंश' की सफलता के बाद अब 'राम बोला' डायरेक्ट करेंगे विशाल चतुर्वेदी, नई फिल्म का किया ऐलान

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन