1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'हनुमान अंश' की सफलता के बाद अब 'राम बोला' डायरेक्ट करेंगे विशाल चतुर्वेदी, नई फिल्म का किया ऐलान

'हनुमान अंश' की सफलता के बाद अब 'राम बोला' डायरेक्ट करेंगे विशाल चतुर्वेदी, नई फिल्म का किया ऐलान

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Sep 14, 2026 10:13 pm IST,  Updated : Sep 14, 2026 10:13 pm IST

'हनुमान अंश' की सफलता के बाद विशाल चतुर्वेदी ने अपनी नई फिल्म 'राम बोला' का ऐलान किया है। वहीं नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित यह फिल्म 39 दिन से बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई कर रही है।

Hanuman Ansh- India TV Hindi
शोभिनव सत्य और विशाल चतुर्वेदी Image Source : INSTAGRAM/@FILMERVISHAL

'हनुमान अंश' को पूरे देश से खूब तारीफ मिल रही है। मशहूर हस्तियों और नेताओं ने भी फिल्म की कहानी की जमकर सराहना की। विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित है। इसमें शोभिनव सत्या मुख्य भूमिका में हैं। सोमवार को यह घोषणा की गई कि विशाल अपनी अगली फिल्म गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर बनाएंगे। सिनेमाघरों में 'हनुमान अंश' 39 दिन से बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई कर रही है, जिसने भारत में अब तक का कुल ग्रॉस कलेक्शन 260.96 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन 220.91 करोड़ हो गया है।

तुलसीदास पर होगी फिल्म 'राम बोला' की कहानी

प्रोडक्शन बैनर, महावीर जैन फिल्म्स ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक जॉइंट पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। फिल्म का नाम 'राम बोला' है। पोस्ट के कैप्शन में क्रू के बारे में जानकारी दी गई। इसमें लिखा था, 'बप्पा के आशीर्वाद से इस शुभ दिन पर विनम्रता और कृतज्ञता के साथ हम आपके लिए राम बोला लेकर आए हैं। गोस्वामी तुलसीदास की अमर कहानी। विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित। महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय और राघवेंद्र सिंह द्वारा निर्मित। महावीर जैन फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत।' महाकवि गोस्वामी तुलसीदास 16वीं सदी के एक महान वैष्णव संत और कवि थे। भगवान राम के प्रति अपनी भक्ति के लिए मशहूर तुलसीदास को 'रामचरितमानस' के जरिए रामायण की कहानी को लोकप्रिय बनाने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने इसे आम बोलचाल की भाषा अवधी में लिखा था।

200 करोड़ के पार 'हनुमान अंश'

विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित 'हनुमान अंश' नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है। उनके भक्त उन्हें भगवान हनुमान का अवतार मानते हैं। 2 करोड़ के कम बजट में बनी इस फिल्म ने उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। भारत में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन 10 लाख कमाए थे। हालांकि, कुछ दिनों बाद इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल आया और यह एक सफल फिल्म बन गई। 'हनुमान अंश' ने अब भारत में 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। यह 18 सितंबर को तेलुगु भाषा में रिलीज होगी।

2 करोड़ की फिल्म ने छापे करोड़ों

सैकनिल्क के अनुसार रिलीज के दिन 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर 10 लाख की कमाई की। शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बहुत कम रहा और इसने सिर्फ 1.48 करोड़ कमाए। फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में 17वें दिन से बढ़त देखी गई, जब इसने 2.20 करोड़ कमाए। सोशल मीडिया पर दर्शकों से तारीफ मिलने और लोगों के बीच फिल्म की अच्छी चर्चा शुरू होने के बाद थिएटर में दर्शकों की संख्या बढ़ने लगी।

ये भी पढ़ें - 200 करोड़ क्लब में 'हनुमान अंश' की एंट्री, बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार, विदेश में बजा डंका

 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन