1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'मायसा का दमदार टीजर आउट, रश्मिका मंदाना के रफ-टफ अंदाज ने खींचा ध्यान, इमरान हाशमी की फिल्म से होगी टक्कर

'मायसा का दमदार टीजर आउट, रश्मिका मंदाना के रफ-टफ अंदाज ने खींचा ध्यान, इमरान हाशमी की फिल्म से होगी टक्कर

 Written By: Priya Shukla
 Published : Sep 20, 2026 08:53 pm IST,  Updated : Sep 20, 2026 08:53 pm IST

रश्मिका मंदाना की फीमेल लीड पैन इंडिया फिल्म 'मायसा' का दमदार टीजर जारी हो गया है। वीडियो में रश्मिका अब तक के सबसे खूंखार और दमदार अवतार में नजर आ रही हैं, जिसने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।

rashmika mandanna- India TV Hindi
रश्मिका मंदाना स्टारर 'मायसा' का टीजर रिलीज। Image Source : YOUTUBE/T-SERIES

रश्मिका मंदाना अब तक कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों का हिस्सा रह चुकी हैं और अब अपनी पैन इंडिया फिल्म ‘मायसा’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस महीने की शुरुआत में मेकर्स ने 'मायसा' से रश्मिका मंदाना का पोस्टर जारी करते हुए फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया था, जिसमें एक्ट्रेस हाथ में भाला और खून से लथपथ नजर आई थीं। अब मेकर्स ने 'मायसा' का बहुप्रतीक्षित टीजर जारी कर दिया है, जिसमें रश्मिका मंदाना अब तक के अपने सबसे अलग, अनदेखे और दमदार अवतार में नजर आ रही हैं। भारत की पहली फीमेल लीड पैन-इंडिया फिल्म के तौर पर रश्मिका मंदाना स्टारर ये फिल्म नवंबर में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है, लेकिन टीजर जारी होने के बाद अभी से दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर हलचल पैदा हो गई है।

'मायसा' का टीजर रिलीज

'मायसा' के टीजर की शुरुआत मायसा मिश्रा (रश्मिका मंदाना) के साथ होती है, जो थकी और हारी हुई नजर आती हैं। इसके बाद  मायसा एक उग्र, रफ-टफ और गुस्सैल अंदाज देखने को मिलता है। पुलिस से लेकर बदमाश तक, हर किसी को मायसा की तलाश है और मायसा को अपने पिता की। हाई-ऑक्टेन एक्शन से भरपूर 'मायसा' का टीजर फिल्म की मूल कहानी की ओर भी इशारा करता है। एक पिता-बेटी के रिश्ते की कहानी । 'मायसा' का टीजर भावनाओं, एक्शन और रोमांच से भरा है। यह एक महिला-केंद्रित एक्शन फिल्म है, जिसमें रश्मिका कहानी के केंद्र में हैं।

'मायसा' में लीड रोल में नजर आएंगी रश्मिका मंदाना

2026 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल 'मायसा' में रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में हैं और इस फिल्म में बिलकुल नए अवतार से चौंकाने के लिए तैयार हैं। शानदार पोस्टर्स के बाद दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाने के बाद मेकर्स ने अब फिल्म का बहुप्रतीक्षित और जोशीले एक्शन से भरपूर टीजर रिलीज कर दिया है, जिसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। टीजर देखने के बाद जहां कई दर्शकों ने रश्मिका के अभिनय की तारीफ की तो वहीं कई ने स्टोरी टेलिंग से लेकर इंटेंस एक्शन की। कई ने तो यहां तक कह दिया कि ये फिल्म ब्लॉकबस्टर होने वाली है।

कब रिलीज होगी 'मायसा'?

'मायसा' का निर्देशन 'सीता रामम' में अपने प्रशंसित काम के लिए जाने जाने वाले निर्देशक रविंद्र पुल्ले ने किया है, जिसमें उन्होंने एक्शन, भावनाओं और भव्यता को एक साथ पिरोया है। अनफॉर्मुला फिल्म्स द्वारा निर्मित और रविंद्र पुल्ले द्वारा निर्देशित, ‘मायसा’ आदिवासी इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित एक इमोशनल एक्शन थ्रिलर है। फिल्म की रिलीज की बात करें तो ये 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसी समय पर इमरान हाशमी की 'गनमास्टर जी 9' और आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ स्टारर 'ये प्रेम मोल लिया' भी रिलीज हो रही हैं।

ये भी पढ़ेंः रश्मिका से शादी से पहले टूटा था दिल, विजय देवरकोंडा का बड़ा खुलासा, बोले- 'सब कुछ झेलकर छोड़ी शराब'

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन