हरारे में रविवार को मुकाबला उस मोड़ पर पहुंच गया था, जहां जिम्बाब्वे इतिहास रचने के बेहद करीब था। ऑस्ट्रेलिया के 9 विकेट गिर चुके थे और आखिरी ओवर में उसे जीत के लिए 9 रन चाहिए थे। तभी नाथन एलिस ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर मैच पलट दिया। इसके बाद एलिस और स्पेंसर जॉनसन ने धैर्य बनाए रखा और एक गेंद बाकी रहते ऑस्ट्रेलिया को एक विकेट से रोमांचक जीत दिला दी। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की ODI सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।
271 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श के जल्दी आउट होने के बाद विकेट लगातार गिरते रहे। एक समय टीम 246 रन पर 9 विकेट गंवा चुकी थी और जिम्बाब्वे जीत से सिर्फ एक विकेट दूर था। इसके बाद आखिरी ओवर में जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला।
आखिरी ओवर में दिखा जबरदस्त रोमांच
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया की सलामी जोड़ी महज 25 रन पर पवेलियन लौट गई। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें जोश इंग्लिस और नाथन एलिस ने जिंदा रखीं। नंबर चार पर बल्लेबाजी करने उतरे इंग्लिस ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 102 गेंदों में 103 रन बनाए और अपनी पारी में 11 चौके लगाए। उनके आउट होने के बाद भी ऑस्ट्रेलिया मुश्किल में था, लेकिन एलिस ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर मैच को आखिरी ओवर तक पहुंचा दिया।
एलिस जब क्रीज पर आए तो ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 27 रन की जरूरत थी। उन्होंने 44 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। उनका साथ नंबर-11 के बल्लेबाज स्पेंसर जॉनसन ने दिया। दोनों ने लगभग रन-ए-बॉल की गति से जरूरी रन जुटाए। हालांकि, मैच के आखिरी पलों में जिम्बाब्वे के पास जीत का शानदार मौका भी आया था। पारी के 49वें ओवर में एलिस ने अर्नेस्ट मसुकु की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वेस्ली मधेवेरे ने उनका कैच छोड़ दिया। अगर यह कैच पकड़ लिया जाता तो जिम्बाब्वे मुकाबला अपने नाम कर सकता था।
इसके बाद कप्तान सिकंदर रजा ने आखिरी ओवर की जिम्मेदारी मधेवेरे को ही दी। उन्हें अपनी गलती सुधारने का मौका मिला, लेकिन एलिस ने पहली गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया। इससे ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ तीन रन चाहिए थे। एलिस और जॉनसन ने बाकी रन पूरे कर टीम को एक विकेट से जीत दिला दी।
जिम्बाब्वे ने दिया था 272 रनों का लक्ष्य
इससे पहले जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 271 रन बनाए थे। कप्तान सिकंदर रजा ने 72 गेंदों में नाबाद 81 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनके अलावा क्रेग इरविन ने 79 गेंदों पर 59 और इनोसेंट कैया ने 66 गेंदों में 55 रन बनाए। कैया 148 के स्कोर पर हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गए थे।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से एलिस ने गेंदबाजी में भी कमाल किया और 10 ओवर में 50 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। वहीं जिम्बाब्वे के ब्रैड इवांस ने 47 रन देकर चार विकेट झटके, लेकिन उनकी शानदार गेंदबाजी भी मेजबान टीम को जीत नहीं दिला सकी। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे दौरे का अंत 3-0 की क्लीन स्वीप के साथ किया। अब ऑस्ट्रेलियाई टीम साउथ अफ्रीका का रुख करेगी, जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी।
यह भी पढ़ें:
शेफाली वर्मा ने खेली ऐतिहासिक शतकीय पारी, लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, महिला T20I में बन गईं सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी