भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स 2026 में बांग्लादेश की टीम के खिलाफ सेमीफाइनल का मुकाबला जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेल रही है। इस मैच में भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी है, जिसमें टीम इंडिया की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना के बल्ले से 37 रनों की पारी देखने को मिली है और इसके दम पर उन्होंने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। स्मृति मंधाना अब महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं, जिसमें उन्होंने न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स को पीछे छोड़ दिया है।
स्मृति बनी महिला T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी
स्मृति मंधाना जिन्होंने पिछले एक महीने में इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने बल्ले के दम पर कई शानदार रिकॉर्ड बनाए हैं, उन्होंने अब एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है। बांग्लादेश महिला टीम के खिलाफ एशियन गेम्स 2026 के मैच में स्मृति मंधाना ने 19 गेंदों में 37 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के भी लगाए। स्मृति अब महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले पहली पोजीशन पर पहुंच गई हैं। स्मृति मंधाना ने अब तक 178 मैचों की 171 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 30.69 के औसत से 4788 रन बना लिए हैं। वहीं अब दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स का नाम है जिनके नाम महिला टी20 इंटरनेशनल में कुल 4758 रन दर्ज हैं।
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी
- स्मृति मंधाना (भारत) - 4788 रन
- सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) - 4758 रन
- हरमनप्रीत कौर (भारत) - 4301 रन
- चमारी अटापट्टू (श्रीलंका) - 4282 रन
- सोफी डिवाइन (न्यूजीलैंड) - 3817 रन
11 हजार रनों से सिर्फ तीन कदम दूर
स्मृति मंधाना के पास अब महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम करने का मौका है, जिसमें वह 11 हजार रन बनाने वाली पहली खिलाड़ी बन सकती हैं। अभी महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में मंधाना के नाम कुल 10987 रन दर्ज हैं, ऐसे में तीन रन और बनाते ही वह इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 11000 रनों का आंकड़ा पूरा कर लेंगी।
ये भी पढ़ें
58 गेंदों में टारगेट चेज कर इंग्लैंड बनी नंबर 1 टीम, T20I में खत्म हुई टीम इंडिया की बादशाहत